ऑस्ट्रेलिया की दक्षिण अफ्रीका पर मजबूत पकड़, दूसरी पारी में 228 रनों की बढ़त

By: PalPal India News
June 13, 2025

नई दिल्ली. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025 (World Test Championship 2025) का फाइनल मुकाबला ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच 11 से 15 जून तक लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान में खेला जा रहा है। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक ऑस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी में 8 विकेट के नुकसान पर 144 रन बना लिए हैं और अब उसे दक्षिण अफ्रीका पर कुल 228 रनों की मजबूत बढ़त मिल चुकी है।

फिलहाल क्रीज पर मिचेल स्टार्क 16 रन और नाथन लायन 1 रन बनाकर नाबाद हैं। दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों ने जबरदस्त प्रदर्शन किया है। कगिसो रबाडा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दूसरी पारी में 3 विकेट लेकर अपने कुल विकेटों की संख्या 8 कर ली है। लुंगी एनगिडी ने भी 3 विकेट हासिल किए, जबकि वियान मुल्डर और मार्को यानसेन को 1-1 विकेट मिला। एक समय ऑस्ट्रेलिया की स्थिति बेहद नाजुक थी, जब उसका स्कोर 73 रन पर 7 विकेट हो चुका था, लेकिन एलेक्स केरी ने 43 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक बढ़त दिला दी।

मैच की पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया ने 212 रन बनाए थे। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की पूरी टीम ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के आगे महज 138 रनों पर सिमट गई। दक्षिण अफ्रीका की ओर से सबसे ज्यादा रन कप्तान टेम्बा बावुमा (36) और डेविड बेडिंघम (45) ने बनाए। टीम की शुरुआत बेहद खराब रही, जब मिचेल स्टार्क ने पहले ही ओवर में ऐडन मार्कराम को खाता खोले बिना बोल्ड कर दिया। स्टार्क ने इसके बाद रयान रिकेलटन (16) को भी पवेलियन भेजा।

ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने घातक गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट चटकाए और दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। कमिंस ने मिडिल और लोअर ऑर्डर में तबाही मचाते हुए बावुमा, बेडिंघम, वेरेन, यानसेन और रबाडा जैसे अहम विकेट अपने नाम किए।

ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी में स्टीव स्मिथ और बो वेस्टबर्ग ने बेहतरीन अर्धशतक जमाए। स्मिथ ने 112 गेंदों में 66 रन बनाए जबकि वेस्टबर्ग ने 92 गेंदों में 72 रन की तेज पारी खेली। हालांकि, टीम की शुरुआत खराब रही थी। उस्मान ख्वाजा बिना खाता खोले आउट हुए, जबकि कैमरून ग्रीन (4), मार्नस लाबुशेन (17), ट्रैविस हेड (11) और एलेक्स केरी (23) भी अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल सके।

दक्षिण अफ्रीका की ओर से कगिसो रबाडा ने 15.4 ओवर में 51 रन देकर 5 विकेट लिए और मार्को यानसेन ने 3 विकेट चटकाए। केशव महाराज और ऐडन मार्कराम ने भी 1-1 विकेट हासिल किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *