बाबा महाकाल निकले नगर भ्रमण पर चंद्रमोलेश्वर स्वरूप में भगवान ने दिये दर्शन , भक्तों का उमड़ा सैलाब

By: PalPal India News
July 28, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि। आज सावन के तीसरे सोमवार को बाबा महाकाल की तीसरी सवारी घूमघाम के साथ निकाली गई। बाबा महाकाल चांदी की पालकी में सवार होकर नगर भ्रमण पर निकले। इस दौरान लाखों श्रद्धालुओं ने अपने राजा के चंद्रमोलेश्वर स्वरूप में दर्शन कर आशीर्वाद लिया। आज प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत भी संवारी में शामिल हुये।

सावन और भादो मास में बाबा महाकाल की सवारी निकाले जाने की परम्परा अनादि काल से चली आ रही है। इसी के चलते आज सावन के तीसरे सोमवार को बाबा महाकाल की तीसरी सवारी निकली। इसके पहले महाकाल मंदिर के सभा मंडप में शासकीय पुजारी पंडित घनश्याम शर्मा द्वारा भगवान महाकाल की पूजा अर्चना की गई। इस दौरान मप्र सरकार के केबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत , कलेक्टर रोशन सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा मौजूद रहे। जिन्होंने पूजन के बाद पालकी को कांधा देकर नगर भ्रमण के लिए रवाना किया । वही मन्दिर के मुख्य द्वार पर पुलिस दल ने भगवान महाकाल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया।

इसके बाद बाबा महाकाल चांदी की पालकी में सवार होकर पूरे लाव-लश्कर के साथ राजसी ठाठ बाट से प्रजा का हाल जानने नगर भ्रमण पर निकले तो प्रजा ने भी अपने राजा के स्वागत में पलक पावडे बिछा दिये। सवारी में पुलिस का घुड सवार पुलिस दल , पुलिस और होमगार्ड की टुकड़ी, पुलिस बैंड और भजन मंडलिया शामिल हुई। सवारी महाकाल घाटी, गुदरी चौराहा,पानदरिबा और रामानुज कोट होते हुए रामघाट पहुंची। जहां बाबा महाकाल का क्षिप्रा के जल से अभिषेक किया गया। इसके बाद सवारी कार्तिक चौक , ढाबा रोड और गोपाल मंदिर से गुजरते हुए पुनः महाकाल मंदिर पहुंची। आज बाबा महाकाल ने अपने भक्तों को चंद्रमोलेश्वर स्वरूप में दर्शन दिए। सवारी के दौरान प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गये थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *