नई दिल्ली: भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच लगाया गया डिजिटल प्रतिबंध अब आंशिक रूप से हटता दिखाई दे रहा है। 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने सख्त कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान के 16 प्रमुख यूट्यूब चैनल और कई सोशल मीडिया अकाउंट्स को भारत में ब्लॉक कर दिया था। हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े संगठन ‘द रेसिस्टेंस फ्रंट (TRF)’ ने ली थी, जिसमें कई हिंदू श्रद्धालु मारे गए थे।
इसके जवाब में भारत ने “ऑपरेशन सिंदूर” चलाते हुए पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoJK) और पाकिस्तान की सीमा में स्थित नौ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। इसी दौरान ARY, Geo News, Samaa TV, Dawn News जैसे लोकप्रिय पाकिस्तानी न्यूज चैनलों और कई सेलेब्रिटीज के इंस्टाग्राम अकाउंट्स को भारत में प्रतिबंधित कर दिया गया था।
हालांकि अब, 2 जुलाई 2025 से इनमें से कई चैनल और सोशल मीडिया अकाउंट्स भारत में दोबारा विजिबल हो गए हैं। इससे संकेत मिलता है कि भारत सरकार ने इन प्रतिबंधों को आंशिक रूप से हटा लिया है, हालांकि इस बारे में अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
फिलहाल भारत में मवरा होकेन, युमना जैदी, अहद रजा मीर, दानिश तैमूर और सबा कमर जैसे कलाकारों के इंस्टाग्राम अकाउंट्स फिर से नजर आने लगे हैं। वहीं फवाद खान, माहिरा खान, हानिया आमिर और आतिफ असलम जैसे लोकप्रिय सितारों के अकाउंट अब भी “अनअवेलेबल” यानी अनुपलब्ध दिख रहे हैं।