मुंबई, यशभारत। आईपीएल 2025 का दूसरा क्वालीफायर मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला गया। इस रोमांचक मैच में पंजाब किंग्स ने जीत हासिल कर फाइनल में जगह पक्की कर ली। जीत के बाद जहां पंजाब के खिलाड़ी जश्न में डूबे थे, वहीं बीसीसीआई ने दोनों टीमों पर बड़ी कार्रवाई कर दी है।
मैच के बाद बीसीसीआई ने पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस, दोनों टीमों के कप्तानों और खिलाड़ियों पर स्लो ओवर रेट के चलते जुर्माना लगाया है। दोनों टीमें आईपीएल की आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए निर्धारित समय में ओवर पूरे नहीं कर पाईं। दरअसल, यह पहला मौका नहीं है जब इन टीमों ने स्लो ओवर रेट की गलती की हो। पंजाब किंग्स के लिए यह दूसरी बार हुआ है, जबकि मुंबई इंडियंस के लिए यह तीसरी बार की चूक थी।
पंजाब किंग्स: दूसरी बार स्लो ओवर रेट बनाए रखने पर कप्तान श्रेयस अय्यर पर ₹24 लाख का जुर्माना लगाया गया है। वहीं, टीम के बाकी खिलाड़ियों और इम्पैक्ट प्लेयर पर ₹6 लाख या उनकी मैच फीस का 25% (जो भी कम हो) का जुर्माना लगाया गया है।
मुंबई इंडियंस: तीसरी बार नियम तोड़ने के कारण कप्तान हार्दिक पांड्या पर ₹30 लाख का फाइन लगा है। साथ ही टीम के अन्य खिलाड़ियों को ₹12 लाख या उनकी मैच फीस का 50% (जो भी कम हो) चुकाना होगा।
बीसीसीआई ने साफ कर दिया है कि स्लो ओवर रेट जैसी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।