पुलिस ट्रेनिंग स्कूल में मधुमक्खियों ने किया अटैक, एक पुलिसकर्मी की मौत, आधा दर्जन घायल

By: PalPal India News
June 5, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधिमध्य प्रदेश के उज्जैन से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। उज्जैन के पुलिस ट्रेनिंग स्कूल में मधुमक्खियों के हमले की बात सामने आई है। इस घटना में एक पुलिसकर्मी की मौत हुई है और आधा दर्जन घायल हैं। इनका जिला चिकित्सालय में उपचार चल रहा है।

क्या है पूरा मामला?

उज्जैन के मक्सी रोड स्थित पुलिस ट्रेनिंग स्कूल में आज दोपहर 3 बजे मधुमक्खियों ने अचानक पुलिस जवान और अधिकारियों पर हमला कर दिया। घटना में एक निरीक्षक की मौत हो गई। वहीं करीब आधा दर्जन पुलिस अधिकारी व जवान घायल हैं। तेज हवा चलने से पेड़ की टहनी छत्ते से टकराई, जिससे मधुमक्खियां पूरे परिसर में फैल गईं। क्लास अटेंड करने जा रहे पुलिस अधिकारी व जवान पर मधुमक्खी ने अचानक से हमला कर दिया।

इस दौरान परिसर में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। मधुमक्खी के हमले से घायल पुलिस अधिकारी और जवानों को तत्काल जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां उपचार के दौरान निरीक्षक रमेश कुमार धुर्वे की मौत हो गई। वहीं एक निरीक्षक, एक एसआई, 2 एएसआई और दो जवान घायल हैं। जिनका उपचार चल रहा है और स्थिति सामान्य है।

घायल ASI कैलाश चौहान का सामने आया बयान, इस तरह बचाई जान

घायल ASI कैलाश चौहान ने बताया कि वह पुलिस ट्रेनिंग स्कूल में क्लास में जा रहे थे। अचानक मधुमक्खी ने हमला कर दिया। अधिकारी ने बेडशीट दी तो वह सर ढककर जैसे-तैसे बचे। बावजूद इसके शरीर पर कई जगह मधुमक्खियों ने काटा।

वहीं जिला चिकित्सालय के चिकित्सक डॉक्टर गगन सिंह परिहार ने बताया कि पुलिस ट्रेनिंग स्कूल से इलाज के लिए पुलिस अधिकारी व जवानों को लाया गया है। एक निरीक्षक की उपचार के दौरान मौत हो गई है। बाकी की हालत सामान्य है। जिन निरीक्षक की मौत हुई है, उनके पूरे शरीर पर मधुमक्खियों के डंक के निशान थे। सभी अधिकारियों और जवानों पर मधुमक्खियों ने हमला किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *