अहमदाबाद। गुजरात एंटी-टेरेरिज्म स्क्वाड (ATS) और भारतीय तटरक्षक बल (Coast Guard) को एक संयुक्त अभियान में बड़ी सफलता मिली है। दोनों एजेंसियों ने अरब सागर में एक ऑपरेशन के दौरान करीब 300 किलोग्राम ड्रग्स बरामद किए हैं, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग ₹1,800 करोड़ बताई जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, 12 और 13 अप्रैल की दरम्यानी रात खुफिया सूचना के आधार पर यह ऑपरेशन चलाया गया था। कोस्ट गार्ड के एक जहाज ने समुद्र में एक संदिग्ध नाव की पहचान की। जैसे ही तस्करों को जहाज की मौजूदगी का आभास हुआ, उन्होंने तुरंत अपनी नाव से ड्रग्स समुद्र में फेंक दिए और इंटरनेशनल मैरीटाइम बॉर्डर लाइन (IMBL) की ओर भाग निकले।
कोस्ट गार्ड की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए समुद्र में फेंके गए ड्रग्स की खोज शुरू की और उन्हें सफलतापूर्वक बरामद कर लिया। हालांकि तस्कर अपनी नाव के साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करने में सफल हो गए, लेकिन अंधेरे और चुनौतीपूर्ण हालात के बावजूद सुरक्षा बलों ने भारी मात्रा में मादक पदार्थों की बरामदगी की।
मिथामफेटामिन होने का शक- बरामद किए गए ड्रग्स के मिथामफेटामिन (Methamphetamine) होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल इसकी जांच गुजरात ATS द्वारा की जा रही है।
13 सफल ऑपरेशन का हिस्सा- गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों में गुजरात ATS और कोस्ट गार्ड ने मिलकर 13 से अधिक सफल ऑपरेशन अंजाम दिए हैं, जिससे देश की समुद्री सुरक्षा को मजबूती मिली है और तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है।