चैंपियंस ट्रॉफी 2025: ऑस्ट्रेलिया को बड़ा झटका, मिचेल स्टार्क ने लिया नाम वापस

By: PalPal India News
February 12, 2025

नई दिल्ली. आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से पहले ऑस्ट्रेलिया को तगड़ा झटका लगा है, क्योंकि दिग्गज तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क (Mitchell Starc) ने निजी कारणों से टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया है। इससे ऑस्ट्रेलिया की मजबूत तेज गेंदबाजी तिकड़ी पूरी तरह से टूट गई है, क्योंकि पहले ही पैट कमिंस (टखने की चोट) और जोश हेजलवुड बाहर हो चुके थे। पाकिस्तान और यूएई में होने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलियाई टीम की कमान स्टीव स्मिथ संभालेंगे।

ऑस्ट्रेलिया अब 22 फरवरी को लाहौर में इंग्लैंड के खिलाफ अपने पहले मुकाबले में पूरी तरह से नए तेज गेंदबाजी आक्रमण के साथ मैदान में उतरेगा। स्टार्क बाएं टखने की समस्या से जूझ रहे थे और उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ गॉल में खेले गए अंतिम टेस्ट मैच में सिर्फ चार ओवर फेंके थे। इसके बाद वह ऑस्ट्रेलिया लौट आए और श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो में होने वाली वनडे सीरीज में भी हिस्सा नहीं ले सके।

मुख्य चयनकर्ता जॉर्ज बेली ने कहा, “हम मिचेल के फैसले को पूरी तरह समझते और सम्मान करते हैं। उन्होंने हमेशा ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलने को प्राथमिकता दी है, चाहे इसके लिए दर्द सहना ही क्यों न पड़े। उनकी अनुपस्थिति टीम के लिए एक झटका है, लेकिन यह अन्य खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का अवसर भी है।”

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम:- स्टीव स्मिथ (कप्तान), सीन एबॉट, एलेक्स कैरी, बेन ड्वार्शिस, नाथन एलिस, जेक फ्रेजर-मैकगर्क, आरोन हार्डी, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, स्पेंसर जॉनसन, मार्नस लैबुशेन, ग्लेन मैक्सवेल, तनवीर संघा, मैथ्यू शॉर्ट, एडम ज़म्पा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *