अमेरिका में रह रहे हजारों नेपाली नागरिकों के लिए बुरी खबर है। अमेरिकी गृह मंत्रालय ने शनिवार को एक अधिसूचना जारी कर बताया कि नेपाल को दिया गया Temporary Protected Status (TPS) अब आगे नहीं बढ़ाया जाएगा। यह सुविधा 24 जून 2025 को समाप्त हो जाएगी। TPS समाप्त होने का सीधा असर अमेरिका में रह रहे करीब 12,700 नेपाली नागरिकों पर पड़ेगा। इनमें से लगभग 5,500 लोग पहले ही अमेरिका के स्थायी निवासी बन चुके हैं, लेकिन 7,000 से अधिक नेपाली नागरिकों को अब अमेरिका छोड़ने या वैकल्पिक रास्ते तलाशने होंगे।
अस्थायी संरक्षित दर्जा (TPS) अमेरिका उन देशों के नागरिकों को देता है, जहां युद्ध, प्राकृतिक आपदा या गंभीर मानवीय संकट चल रहे हों। इस स्टेटस के तहत प्रभावित नागरिक बिना किसी वैध वीजा के अमेरिका में रह सकते हैं, काम कर सकते हैं और उन्हें जबरन वापस भेजा नहीं जाता। नेपाल को यह दर्जा 2015 में आए विनाशकारी भूकंप के बाद दिया गया था।
अमेरिका का कहना है कि अब नेपाल में स्थिति सामान्य हो चुकी है, इसलिए TPS को आगे बढ़ाने की जरूरत नहीं है। अमेरिकी गृह मंत्री क्रिस्टी नोएम ने जानकारी दी कि TPS 24 जून 2025 को समाप्त हो जाएगा। इसके बाद प्रभावित नेपाली नागरिकों को 5 अगस्त 2025 तक यानी 60 दिनों का समय मिलेगा, ताकि वे वैकल्पिक कानूनी रास्ते ढूंढ सकें या देश छोड़ने की तैयारी कर सकें।
अगर पात्र हों तो ग्रीन कार्ड के लिए आवेदन कर सकते हैं।
वर्क वीजा, स्टूडेंट वीजा या असाइलम के लिए अप्लाई कर सकते हैं।
स्वेच्छा से नेपाल लौट सकते हैं।