विश्व प्रसिद्ध कांवड़  यात्रा को लेकर बड़ा निर्णय, कांवड़ की ऊंचाई 10 फीट से अधिक नहीं, हुड़दंग करने वालों पर सख्त कार्यवाई

By: PalPal India News
June 28, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधिअंतरराज्यीय समन्वय समिति की बैठक में सावन में होने वाली कांवड़  यात्रा को लेकर बड़ा निर्णय लिया गया जिसमें कांवड़ की ऊंचाई 10 फीट से अधिक नहीं हो तथा कांवड़ यात्रा के दौरान हुड़दंग करने वालों पर सख्ती बरती जाए। वहीं, कांवड़ यात्रा के रास्ते पर पड़ने वाले ढाबों पर रेट लिस्ट लगाना भी जरूरी किया जायेगा।

आपको बता दे कांवड़ यात्रा की शुरुआत इस बार 11 जुलाई से हो रही है। ऐसे में यात्रा को लेकर सरकार की तरफ से गाइडलाइन जारी कर दी गई है। शुक्रवार को अंतरराज्यीय समन्वय समिति की बैठक में कांवड़ यात्रा को लेकर विस्तार से चर्चा हुई और इसमें कई अहम फैसले हुए। कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए अंतरराज्यीय समन्वय समिति की बैठक में रियल टाइम कॉर्डिनेशन, अफवाहों पर सख्ती, सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और हुड़दंग करने वालों पर शिकंजा कसने को लेकर चर्चा हुई।

छह राज्यों के अधिकारी हुए शामिल

शुक्रवार को हरिद्वार मेला नियंत्रण कक्ष में बैठक का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद वर्धन के द्वारा की गई । इस बैठक में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब,  दिल्ली और राजस्थान के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसी दौरान कांवड़ यात्रा को लेकर गाइडलाइन तय की गई। मुख्य सचिव ने कहा कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित सुव्यवस्थित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी राज्यों के बीच रियल टाइम डेटा और सूचना का आदान-प्रदान किया जाए, ताकि आपात स्थिति में तत्काल समन्वय हो सके।

ढाबों पर रेट लिस्ट जरूरी

बैठक में निर्णय लिया गया कि वाहनों के बाहर तेज आवाज वाले म्यूजिक सिस्टम नहीं लगाए जाएंगे। संचालकों को पूर्व सूचना देकर इसे प्रतिबंधित किया जाएगा। शराब व मांस पर बनी एसओपी का सख्ती से पालन कराया जाएगा। तीन श्रेणियों में अलग सूचना समूह बनाए जाएंगे। ढाबों और होटलों में सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य होगा। रेट लिस्ट चिपकाई जाएगी। हरिद्वार की पार्किंग स्थिति के बारे में समय-समय पर उत्तर प्रदेश को जानकारी दी जाएगी।

सभी राज्य साझा करेंगे रियल टाइम अपडेट

अंतरराज्यीय बैठक में शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और समन्वित कांवड़ मेला संचालन के लिए सभी राज्यों के बीच आपसी सहयोग पर सहमति बनी। दिल्ली हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर यातायात नियंत्रण, डाक कांवड़ की भीड़ और वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था को लेकर रणनीति बनाई गई। कांवड़ पटरी मार्ग और पार्किंग की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने कहा कि सभी राज्यों के बीच रियल टाइम सूचनाएं साझा की जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *