पलपल इंडिया प्रतिनिधि,जबलपुर। रेलवे ने जबलपुर और आसपास के श्रद्धालुओं को प्रयागराज महाकुंभ तक पहुंचाने की योजना बना ली है। जानकारी की अनुसार शनिवार और रविवार के साथ ही एकादशी और महाशिवरात्रि को देखते हुए कुंभ में भारी भीड़ उमड़ सकती है।महाकुंभ के दौरान सप्ताहांत और विशेष तिथियों पर प्रयागराज जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या काफी बढ़ जाती है। इसे देखते हुए अब जबलपुर रेल मंडल की ओर से नई तैयारी की गई है।
यात्रियों की भीड़ को देखते हुए इस पर नियंत्रण रखने के लिए 15 से अधिक अनारक्षित ट्रेन के रैक आरक्षित किए हैं। इसमें से छह सात रैक को किसी भी समय चलाने के लिए अलर्ट मोड पर रखा गया है। वहीं, प्रयागराज के लिए श्रृद्धालुओं की संख्या अधिक होने पर एक दिन में 15 स्पेशल अनारक्षित ट्रेन को दौड़ाने की योजना बनाई गई है।
भारत में महाशिवरात्रि बहुत ही धूमधाम से मनाई जाती है ऐसे में चल रहा महाकुम्भ जिसमें शिवरात्रि के दिन पर पर्व स्नान होगा। रेल प्रशासन का अनुमान है कि महाकुंभ समाप्त होने से पूर्व रेल यात्रियों की संख्या में वृद्धि हो सकती है। आसपास के जिलों से एक साथ बड़ी संख्या में श्रृद्धालुओं के रेलवे स्टेशन पहुंचने पर भीड़ हो जाती है। ऐसी स्थिति में भीड़ काे नियंत्रित रखने के लिए जबलपुर के साथ ही कटनी और सतना से तुरंत प्रयागराज के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने की तैयारी की गई है। प्रयागराज जाने के लिए यदि दो हजार से अधिक यात्री एकत्रित होंगे, तो तुरंत एक स्पेशल ट्रेन रवाना कर दिया जाएगा।
ट्रेन की व्यवस्था और परिचालन को सुगम बनाए रखने के लिए रेल प्रशासन ने जिला स्तर पर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय दल का गठन किया है। स्टेशन में भीड़ अधिक होने पर जिला प्रशासन के अधिकारी और पुलिस दल भी तुरंत सक्रिय हो जाएगा। श्रृद्धालुओं की यात्रा से लेकर उनके ठहरने, खानपान, उपचार सहित अन्य सुविधाओं को उपलब्ध कराया जाएगा। मंगलवार को प्रदेश के मुख्य सचिव, डीजीपी ने रेल अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग किया। रेलवे स्टेशन में व्यवस्था और ट्रेनों की उपलब्धता के संबंध में बातचीत की। अब तक की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। प्रशासन, पुलिस और रेलवे के मध्य बेहतर समन्वय रखने और यात्रियों की भीड़ बढ़ने पर अतिरिक्त व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए है।