पटना. ठंड से बचने के लिए लोग अलाव और आग का सहारा ले रहे हैं. इस बीच बिहार के दानापुर इलाके में सरकारी स्कूल में मास्टर साहब को ठंड लगी तो उन्होंने मध्याह्न भोजन बनाने और ठंड को भगाने के लिए बच्चों के बैठने वाला बेंच को ही तोड़कर जला दिया। गुरुजी के इस जुगाड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
जानकारी के मुताबिक हाल ही में राजद विधायक भाई बीरेंद्र के द्वारा निधि कोष से लाखों रुपए खर्च कर बच्चों को पढ़ने के लिये बेंच डेस्क दिया गया था लेकिन एक सरकारी स्कूल के गुरुजी को कुछ ज्यादा ही ठंड लगने लगा. ठंड को दूर भगाने के लिये वो आलाव के जुगाड़ में लग गये लेकिन विद्यालय में जलावन खत्म हो गया था. ढूंढने के बाद भी विद्यालय में एक भी लकड़ी का टुकड़ा नहीं मिल पाया.
इसके बाद प्रधानाध्यापक ने निर्देश देते हुये कहा कि नये बेंच को ही तोड़ा कर उससे आज आग ताप लिया जाए और साथ में बच्चों का मध्याह्न भोजन भी बन जायगा जो एक साथ दो काम हो जायेंगे. बताया जा रहा है कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक के ऐच्छिक सेवानिवृत्ति के पश्चात विद्यालय का संचालन विद्यालय के कनीय शिक्षक प्रवीण रंजन द्वारा किया जा रहा था. इस मामले में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी निवेश कुमार के द्वारा जांच की गई तो विद्यालय में हुई ये घटना जांच में सही पायी गई. स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक के द्वारा बेंच डेस्क जलाने के मामले में स्पष्टीकरण मांगी गयी है, जिसके बाद कार्रवाई की जाएगी.