बिहार: चुनाव से पहले पीएम मोदी ने कार्यकर्ताओं को दी सलाह – ‘बयानों में रखें संयम’

By: PalPal India News
May 30, 2025

पटना। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को पटना में शक्ति प्रदर्शन करते हुए 72 मिनट लंबा रोड शो किया। इससे पहले उन्होंने पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का उद्घाटन किया और बिहटा एयरपोर्ट के शिलान्यास कार्यक्रम में भाग लिया शाम करीब 6 बजकर 45 मिनट पर पीएम बीजेपी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ अहम बैठक की। इसके बाद डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के बेटे की सगाई समारोह में भी शिरकत की।

सूत्रों के अनुसार, बैठक में प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं को अनुशासन और धैर्य का संदेश देते हुए कहा कि राजनीति में जल्दबाज़ी ठीक नहीं होती। उन्होंने कहा, “अगर किसी को पद नहीं मिलता, तो तुरंत निराश होकर कोई बड़ा कदम नहीं उठाना चाहिए।” उन्होंने एक वरिष्ठ कार्यकर्ता का उदाहरण देते हुए कहा, “आपको तो अनुभव है कि पार्टी कैसे सबको मौका देती है। मुझे देखिए – एक साधारण कार्यकर्ता को पार्टी ने तीन बार देश का प्रधानमंत्री बनाया।”

पीएम मोदी ने स्पष्ट रूप से नेताओं को अनावश्यक और असंवेदनशील बयानों से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा, “हर विषय पर बोलना जरूरी नहीं होता, खासकर जब जानकारी अधूरी हो। सोच-समझकर ही बयान दें, क्योंकि हर शब्द पार्टी की छवि पर असर डालता है।”

प्रधानमंत्री ने बूथ प्रबंधन को पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बताया और कहा कि जमीनी स्तर पर ईमानदारी से काम करना ही जीत की कुंजी है। उनका यह संदेश संकेत देता है कि इस बार पार्टी सिटिंग विधायकों के टिकट काट सकती है और बूथ स्तर के प्रदर्शन को प्राथमिकता दी जा सकती है। पीएम मोदी ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें बिहार के जवानों का बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि आतंकियों और उनके सरपरस्तों को मुंहतोड़ जवाब दिया गया है। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि “पीओके हमारी प्रतिबद्धता है”, जिससे इस मुद्दे पर सरकार की स्पष्ट नीति का संकेत मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *