बेगूसराय. बिहार के बेगूसराय में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां थाना परिसर से एक कमांडर जीप चोरी हो गई। इस चोरी को अंजाम देने वाला कोई और नहीं, बल्कि एक पुलिसकर्मी ही निकला। हैरानी की बात यह है कि चोरी के बाद उस स्थान पर दूसरी जीप लाकर खड़ी कर दी गई, जिससे किसी को शक न हो।
घटना रात 12 बजे के बाद की बताई जा रही है, जब आरोपी ने जीप को धक्का देकर थाने से बाहर निकाल लिया। मामला उजागर होने के बाद पुलिस ने तुरंत सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिससे पूरी साजिश का खुलासा हुआ। इस घटना में शामिल दारोगा और अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब मामले की विस्तृत जांच कर रही है।