पलपल इंडिया प्रतिनिधि। असम की रहने वाली एक युवती की शिकायत पर जबलपुर में देह व्यापार का रैकेट उजागर हुआ है। पुलिस ने रविवार देर रात गढ़ा क्षेत्र स्थित होटल अतिथि में छापा मारकर भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष अतुल चौरसिया और उसके साथी शीतल दुबे को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों होटल की आड़ में लंबे समय से जिस्मफरोशी का धंधा चला रहे थे।
युवती ने पुलिस को बताया कि वह तीन साल पहले नौकरी की तलाश में जबलपुर आई थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात अतुल और शीतल से हुई। दोनों ने पहले उसे होटल में रुकवाया और फिर मोटी कमाई का झांसा देकर देह व्यापार में जबरन धकेल दिया।
पीड़िता ने बताया कि होटल में आने वाले पुरुषों को सीधे उसके कमरे में भेजा जाता था। हर ग्राहक से 2 से 5 हजार रुपए लिए जाते थे, लेकिन उसे उसमें से बहुत कम पैसा दिया जाता। जब भी वह पैसे मांगती, तो बहला-फुसलाकर चुप करा दिया जाता। कई बार पैसे की मांग करने पर उसे धमकाया भी गया। गढ़ा पुलिस होटल की गेस्ट एंट्री रजिस्टर और CCTV फुटेज की जांच कर रही है।पुलिस को शक है कि यह कोई स्थानीय नेटवर्क नहीं, बल्कि संगठित सेक्स रैकेट है, जो काफी समय से संचालित हो रहा था। आरोपियों के मोबाइल की कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है, ताकि इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों की पहचान हो सके।