कपड़ा फैक्ट्री में फटा बॉयलर, दूर तक उठीं आग की लपटें, 2 की मौत, 22 मजदूर झुलसे

By: PalPal India News
September 2, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधिसूरत में एक बड़ा हादसा हो गया। कड़ोदरा इलाके के जोलवा में स्थित संतोष डाइंग मिल में बॉयलर फटने से दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई और चारों तरफ धुआं और आग की लपटें दिखाई दे रही थीं।

दरअसल सोमवार शाम बॉयलर फटने से फैक्ट्री में आग लग गई थी जिसके बाद घटना की जानकारी मिलते ही सूरत दमकल विभाग और पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घायल मजदूरों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में 10 से 15 मजदूर गंभीर रूप से झुलसे हैं। लेकिन फिर बाद में जानकारी मिली की आग की चपेट में आने से 22 मजदूर झुलस गए हैं। इनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों की जानकारी के अनुसार बॉयलर फटने के बाद आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया और दूर तक आग की लपटें दिखाई दे रही थीं। फैक्ट्री के अंदर कई घायल मजदूर दर्द से कराह रहे थे, जिन्हें बचाने के लिए उनके साथी मजदूर मदद कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि बचाव दल ने चादरें तोड़कर भी कई फंसे हुए मजदूरों को बाहर निकाला है। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं। इस हादसे की वजह क्या थी, इसकी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *