कर्नाटक में दरिंदगी: इजरायली महिला और भारतीय होमस्टे मालिक के साथ गैंगरेप

By: PalPal India News
March 8, 2025

बेंगलुरु। कर्नाटक के कोप्पल जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 27 वर्षीय इजरायली महिला पर्यटक और होमस्टे मालिक के साथ तीन लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। यह भयावह वारदात गुरुवार रात करीब 11:30 बजे उस वक्त हुई, जब पीड़ित महिलाएं अपने साथियों के साथ नहर किनारे तारों को निहार रही थीं। यह स्थान बेंगलुरु से लगभग 350 किलोमीटर दूर स्थित है। पीड़िता की शिकायत के अनुसार, तीनों आरोपियों ने पहले उनके साथ मौजूद तीन अन्य यात्रियों को नहर में धक्का दे दिया। इनमें से अमेरिका के डेनियल और महाराष्ट्र के पंकज किसी तरह बचकर बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन ओडिशा के बिबाश का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है।

कोप्पल के पुलिस अधीक्षक राम एल. अरासिड्डी ने बताया कि हमले का शिकार हुए पांच लोग—तीन महिलाएं और दो पुरुष—सोनापुर के पास ठहरे हुए थे। इनमें दो विदेशी नागरिक भी शामिल थे, एक अमेरिकी पुरुष और दूसरी इजरायली महिला। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपियों ने पहले उन्हें पीटा और फिर महिलाओं का यौन उत्पीड़न किया।

29 वर्षीय होमस्टे मालिक ने अपनी शिकायत में बताया कि रात के खाने के बाद वह और उनके चार मेहमान तुंगभद्रा लेफ्ट बैंक कैनाल के किनारे तारों को निहारने गए थे। उसी दौरान, बाइक पर सवार तीन अज्ञात लोग वहां पहुंचे। आरोपियों ने पहले पीड़ितों से पेट्रोल कहां मिलेगा यह पूछने के बहाने बातचीत शुरू की और फिर 100 रुपये की मांग की। जब पीड़ितों ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपियों ने अचानक हमला कर दिया। इसके बाद दो महिलाओं के साथ दुष्कर्म किया और वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक से फरार हो गए। घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है और जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *