LOC पर BSF की कार्रवाई: जैश-ए-मोहम्मद के 7 आतंकी ढेर, उरी में महिला की मौत

By: PalPal India News
May 9, 2025

नई दिल्ली. ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद पाकिस्तान की बौखलाहट खुलकर सामने आ रही है। 8 और 9 मई की रात पाकिस्तानी सेना ने एक बार फिर एलओसी और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर उकसावे वाली कार्रवाई की, लेकिन भारतीय बलों ने इस बार भी मुंहतोड़ जवाब देकर दुश्मन की साजिश को नाकाम कर दिया।

सांबा सेक्टर में घुसपैठ की कोशिश नाकाम

जम्मू के सांबा सेक्टर में बीएसएफ ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घुसपैठ की बड़ी कोशिश को विफल करते हुए जैश-ए-मोहम्मद के सात आतंकियों को ढेर कर दिया। बताया जा रहा है कि 10 से 12 आतंकवादी भारत में घुसने की फिराक में थे, लेकिन जवाबी कार्रवाई में सात मारे गए और बाकी पाकिस्तानी सीमा में भाग निकले।

उरी में पाकिस्तानी गोलाबारी से महिला की मौत

इस बीच, कश्मीर के बारामूला जिले के उरी सेक्टर में पाकिस्तान की ओर से की गई फायरिंग में एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला घायल हुई है। गोलीबारी उस वक्त हुई जब रजरवानी से बारामूला जा रहा एक वाहन मोहुरा इलाके में पहुंचा। इसमें नरगिस बेगम की मौके पर ही मौत हो गई और हफीजा नामक महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल को इलाज के लिए जीएमसी बारामूला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सीएम उमर अब्दुल्ला ने लिया हालात का जायजा

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने हालात पर प्रतिक्रिया देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, “बीती रात जम्मू और आसपास के इलाकों में हुए ड्रोन हमलों के बाद मैं स्थिति का जायजा लेने जम्मू पहुंच रहा हूं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *