पलपल इंडिया प्रतिनिधि। रमजान की शुरुआत हो चुकी है और ऐसे में अगले 30 दिनों तक मुस्लिम रोज अल्लाह की इबादत कर ईद का त्यौहार जोशो उल्लास के साथ मनाएंगे। लेकिन इस दौरान केवल मुस्लिम दुकानदारों से ही सामान खरीदने की अपील की जा रही है।
पवित्र रमजान का महीना शुरू हो चुका है और शुरू हो चुकी है सोशल मीडिया पर नफरत भरे मैसेजों की बाढ़, जिसमें मुस्लिमों से रमजान के दौरान सिर्फ मुस्लिम दुकानदारों से सामान खरीदने की अपील की जा रही है। गंगा जमुना तहजीब वाले शहर भोपाल के मुस्लिम समाज के लोगों का कहना है कि यह गलत परंपरा है लेकिन वायरल मैसेज ने सूबे की सियासत को गरमा जरूर दिया है।
इतना ही नहीं मोबाइल में मैसेज के जरिए ट्विटर पर पोस्ट के जरिए मुस्लिमों से सामान खरीदने की अपील हो रही है। इसमें कहा जा रहा है, ”मुस्लिम भाई बहन से इतनी ही गुजारिश करनी है की इफ्तार का सामान सिर्फ और सिर्फ अपने मुसलमान भाई से खरीदें। किसी हिंदू की दुकान या ठेले से गलती से भी इफ्तार का सामान ना खरीदें यह लोग आपको कुछ भी खिला सकते हैं नफरत में। रमजान इफ्तार की खरीदारी अपनों से ही करें अपना त्योहार अपनों से व्यवहार।”
मुसलमान को मुसलमान से ही खरीदारी करने की सलाह देते ऐसे मैसेज और ट्वीट इन दोनों देश दुनिया में सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं। बकायदा सोशल मीडिया पर कुछ लोगों के द्वारा एक कैंपेन चलाया जा रहा है जिसमें केवल मुस्लिम दुकानदारों से सामान खरीदने की अपील हो रही है। इंडिया टीवी ने भोपाल में ऐसे कुछ लोगों से मुलाकात की तो उन्होंने अपने मोबाइल पर आ रहे इस तरह के मैसेज तो दिखाए लेकिन साथ में यह भी कहा कि इस तरह के मैसेज पर वो ध्यान नहीं देंगे और जो लोग इस तरह के मैसेज भेज समाज को बांटने की कोशिश कर रहे हैं उनके मंसूबे कामयाब नहीं होने देंगे।
वहीं, इस मामले पर अब सियासत भी शुरू हो गई है। बीजेपी विधायक और पूर्व प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा ने कहा कि जैसे मुस्लिम लोगों से अपील की जा रही है। मुसलमानों से सामान खरीदे। अगर हिंदू समाज आपका बॉयकॉट करेगा तो आपके लिए मुश्किल हो जाएगी।
आपको बता दें कि पिछले साल दिवाली पर भी इसी तरह की अपील हिन्दुओं से की गई थी और तब अपना त्यौहार, अपनों के साथ हैशटैग जोड़ते हुए हिंदू दुकानदारों से ही दिवाली की खरीददारी करने की अपील हुई थी। अब रमजान पर इसी तरह की अपील होने पर कांग्रेस ने चिंता जताई है। एमपी कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने इंडिया टीवी से बात करते हुए कहा कि पिछले 10 सालों के दौरान देश में माहौल इतना खराब कर दिया गया है कि लोग अपने-अपने धर्मों से खरीददारी की बात कर रहे हैं।
बहरहाल, त्यौहार वैसे तो भाईचारे के साथ मनाये जाते हैं लेकिन इस तरह के मैसेज भेजकर लोगों को भड़काने की जो कोशिश हो रही है उसपर लगाम लगाई जानी चाहिए।