पलपल इंडिया प्रतिनिधि। भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टेस्ट सीरीज में भारतीय कप्तान शुभमन गिल का बल्ला जमकर बोल रहा है। भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने इंग्लैंड पर बल्ले से कमाल का प्रदर्शन किया है। उन्होंने अब तक खेले 4 मैचों में ही 700 से ज्यादा रन बना दिए हैं। वह मौजूदा सीरीज में 4 शतक के दम पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। गिल ने वैसे तो अब तक 36 टेस्ट मैच खेल लिए हैं, लेकिन उनकी तुलना अभी से ही दिग्गज क्रिकेटरों से होने लगी है। वहीं, जो रूट ने भी इंग्लैंड के लिए अब तक बेहतरीन प्रदर्शन किया है और 157 मैचों में 13409 रन बनाए हैं।
शुभमन गिल अभी तक अपने टेस्ट करियर में कुल 9 शतकीय पारियां खेल चुके हैं। इसके अलावा 7 अर्धशतक लगाने में कामयाब हुए हैं। वहीं, 2012 में इंग्लैंड के लिए टेस्ट डेब्यू करने वाले जो रूट ने 36 टेस्ट मैचों में 8 शतक और 17 अर्धशतक जड़े थे। शुभमन गिल का 36 टेस्ट मैचों में सर्वश्रेष्ठ स्कोर 269 रनों का है। 36 टेस्ट मैचों में ज्यादा गेंदों का सामना करने के मामले में रूट का पलड़ा भारी है। शुभमन गिल ने 36 टेस्ट मैचों में कुल 4265 गेंदों का सामना किया है जबकि जो रूट ने 36 टेस्ट मैचों में 5919 गेंदों का सामना किया। शुभमन गिल और जो रूट शानदार बाउंड्री लगाने के लिए जाने जाते हैं। शुभमन गिल ने 36 टेस्ट मैचों में जहां 289 चौके और 43 छक्के लगाए हैं। वहीं, जो रूट की बात की जाए तो वह 337 चौके और 14 छक्के लगाने में कामयाब हुए थे।