जबलपुर के पास सिहोरा में कार और बस की टक्कर, कर्नाटक के 6 लोगों की मौत

By: PalPal India News
February 24, 2025

जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर के पास सिहोरा में आज तड़के चार बजे एक भीषण सड़क हादसे में कर्नाटक के 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सिहोरा अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हादसे के बाद बस का ड्राइवर वाहन लेकर फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने बस को बरामद कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, तूफान वाहन (केए 49 एम 5054) प्रयागराज से जबलपुर की ओर जा रहा था। सुबह 4 बजे सिहोरा के खितौला थाना क्षेत्र में यह वाहन डिवाइडर तोड़ते हुए रॉन्ग साइड पर पहुंच गया और सामने से आ रही बस (एमएच 40 सीएम 4579) से टकरा गया। इस टक्कर में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग कर्नाटक के गोकक के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान विरुपाक्षी गुमेती, बासवराज कुराती, बालचंद्र और राजू के रूप में हुई है, जबकि दो अन्य की पहचान नहीं हो सकी है। घायलों में सदाशिव और मुस्ताफ शामिल हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।

बस ड्राइवर हुआ फरार, पुलिस ने की कार्रवाई
हादसे के बाद बस ड्राइवर वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने संजय बस कंपनी, महाराष्ट्र की इस बस को बरामद कर लिया है और ड्राइवर की तलाश जारी है। पुलिस मृतकों के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *