चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में बर्फीले तूफान और हिमस्खलन की चपेट में आकर आठ लोगों की जान चली गई। यह घटना शुक्रवार सुबह माणा इलाके में हुई, जहां सीमा सड़क संगठन (BRO) के कैंप में 55 श्रमिक फंस गए थे। सेना ने रविवार को पुष्टि की कि इस आपदा में आठ लोगों की मौत हुई है और बचाव अभियान समाप्त कर दिया गया है।
ब्रिगेडियर मनदीप ढिल्लों के अनुसार, 46 श्रमिकों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि एक श्रमिक स्वयं अपने घर पहुंच गया। रविवार शाम तक आठ लापता श्रमिकों के शव बरामद कर लिए गए, जिनमें से चार शव उसी दिन मिले। अंतिम शव रविवार शाम 4:43 बजे बर्फ में दबा हुआ पाया गया, जिससे मृतकों की संख्या आठ हो गई।
भारतीय सेना ने इस प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और क्षेत्र में स्थिति सामान्य करने के प्रयास जारी हैं।