चैंपियंस ट्रॉफी 2025 फाइनल: भारत-न्यूजीलैंड के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला

By: PalPal India News
March 6, 2025

नई दिल्ली। आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में भारत और न्यूजीलैंड आमने-सामने होंगे। यह बहुप्रतीक्षित मुकाबला 9 मार्च को दुबई में खेला जाएगा, जहां टीम इंडिया ने इस टूर्नामेंट के अपने सभी मैच जीते हैं, जिसमें लीग चरण में न्यूजीलैंड पर दर्ज की गई जीत भी शामिल है। अनुभव और मनोबल के लिहाज से रोहित शर्मा की टीम कीवी टीम पर भारी नजर आ रही है।

हालांकि, भारत के पास वनडे विश्व कप 2023 के दौरान भी मजबूत स्थिति थी, लेकिन आईसीसी नॉकआउट मुकाबलों में दबाव झेलने की क्षमता ही विजेता टीम का निर्धारण करेगी। भारत ने पांचवीं बार चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में जगह बनाई है, जबकि न्यूजीलैंड तीसरी बार इस खिताबी मुकाबले में उतरेगा। भारतीय टीम के पास यह सुनहरा मौका है कि आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप 2021 के फाइनल में न्यूजीलैंड से मिली हार का बदला चुकता कर सके।

अगर यह फाइनल मुकाबला पाकिस्तान में होता, तो न्यूजीलैंड के लिए अधिक अनुकूल साबित हो सकता था, क्योंकि हाल के वर्षों में ब्लैक कैप्स ने पाकिस्तान की धरती पर लगातार 7 मुकाबले जीते हैं, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड की बराबरी करता है। भारत ने भी 2006 से 2008 के बीच पाकिस्तान में लगातार 7 मैच जीतने का कारनामा किया था।

न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 50 रनों से मात दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए ब्लैक कैप्स ने 6 विकेट पर 362 रन बनाए, जो चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में पहली पारी का सबसे बड़ा स्कोर है। जवाब में दक्षिण अफ्रीका 9 विकेट पर 312 रन ही बना सका। पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने विल यंग का विकेट जल्दी गंवा दिया जो 21 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, इसके बाद रचिन और विलियमसन ने शानदार साझेदारी की और दूसरे विकेट के लिए 164 रन जोड़े। रचिन ने इस दौरान अपने वनडे करियर का पांचवां शतक भी जड़ा। रचिन शतक लगाकर आउट हुए। उन्होंने 101 गेंदों पर 13 चौकों और एक छक्के की मदद से 108 रन बनाए। इसके बाद विलियमसन ने भी पारी आगे बढ़ाई और वनडे करियर का 15वां शतक लगाने में सफल रहे। विलियमसन 94 गेंदों पर 10 चौके और दो छक्कों की मदद से 102 रन बनाकर आउट हुए।

इस मुकाबले में रिकॉर्ड तीन शतक लगे – रचिन रविंद्र और केन विलियमसन ने न्यूजीलैंड के लिए शतक जड़े, जबकि डेविड मिलर ने दक्षिण अफ्रीका के लिए शानदार पारी खेली। चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में किसी एक मैच में तीन शतक पहली बार देखने को मिले। फाइनल मुकाबले में विराट कोहली और केन विलियमसन जैसे दिग्गजों की टक्कर देखने लायक होगी। दोनों ही स्टार खिलाड़ी बेहतरीन फॉर्म में हैं, जिससे यह खिताबी भिड़ंत और भी रोमांचक होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *