नई दिल्ली। न्यूज़ चैनलों पर होने वाली बहसें अब केवल तर्क-वितर्क तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि कई बार ये गाली-गलौज और हाथापाई तक पहुंच जाती हैं। हाल ही में टाइम्स नाउ नवभारत के एक लाइव डिबेट शो के दौरान पैनलिस्टों के बीच जमकर मारपीट हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, एक मुद्दे पर चर्चा के दौरान पैनलिस्टों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हुई, जो जल्द ही गाली-गलौज और फिर हाथापाई में बदल गई। शो के होस्ट और अन्य मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई।
इस घटना का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से फैल रहा है, जिसमें पैनलिस्टों को एक-दूसरे को धक्का देते और मारपीट करते देखा जा सकता है। इस पर लोगों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
इस वायरल वीडियो पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “टीआरपी के लिए न्यूज़ चैनल किस हद तक गिर सकते हैं, यह इसका सबसे बड़ा उदाहरण है।” वहीं, एक अन्य ने कहा, “जो लोग टीवी पर नैतिकता की बातें करते हैं, वे खुद इस तरह की हरकतें कर रहे हैं। यह बेहद शर्मनाक है!” इस घटना ने न्यूज़ डिबेट की गंभीरता और स्तर को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है।