चेन्नई। रचिन रवींद्र और ऋतुराज गायकवाड़ की शानदार अर्धशतकीय पारियों की बदौलत चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने मुंबई इंडियंस (MI) को चार विकेट से हराकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 155/9 रन बनाए, जिसके जवाब में चेन्नई ने 19.1 ओवर में छह विकेट खोकर 158 रन बनाकर जीत दर्ज की।
नियमित कप्तान हार्दिक पांड्या की गैरमौजूदगी में मुंबई की टीम मैदान पर उतरी, लेकिन उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ा। 2012 के बाद से मुंबई इंडियंस लगातार 13वें सीजन का पहला मैच हार गई।
156 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए चेन्नई को दूसरे ही ओवर में झटका लगा, जब राहुल त्रिपाठी (2 रन) सस्ते में आउट हो गए। इसके बाद रचिन रवींद्र और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने पारी को संभाला और 37 गेंदों में 67 रन की साझेदारी की। गायकवाड़ 53 रन की दमदार पारी खेलकर पवेलियन लौटे।
इसके बाद चेन्नई की पारी थोड़ी लड़खड़ाई, लेकिन रवींद्र जडेजा ने संभलकर बल्लेबाजी की और रचिन रवींद्र के साथ 36 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी निभाई। हालांकि, जडेजा जीत से महज चार रन पहले रन आउट हो गए। इस मुकाबले में शिवम दुबे (9), दीपक हुड्डा (3), और सैम करन (4) रन ही बना सके।
रचिन रवींद्र ने 65 रन की शानदार पारी खेली, जबकि महेंद्र सिंह धोनी बिना खाता खोले नाबाद रहे। मुंबई की ओर से इम्पैक्ट प्लेयर विग्नेश पुथुर ने तीन विकेट झटके, जबकि दीपक चाहर और विल जैक्स ने एक-एक विकेट लिया।