रायपुर. छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले से मानसून के दौरान एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। देवरी गांव में एक घर से एक-दो नहीं, बल्कि पूरे 35 सांप निकले, जिनमें नाग और नागिन भी शामिल थे। इस नजारे ने न सिर्फ घर के लोगों को बल्कि पूरे गांव को हैरान कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, देवरी गांव निवासी इंद्रकुमार साहू को कुछ दिनों पहले अपने घर में छोटे-छोटे सांप दिखे थे। उन्होंने शुरुआत में इसे सामान्य मानसूनी घटना समझकर नजरअंदाज कर दिया और सांपों को बाहर छोड़ दिया। लेकिन जब ये सिलसिला रोज़ का हो गया, तो परिवार घबरा गया।
आख़िरकार, उन्होंने स्थानीय सर्प विशेषज्ञ को बुलाया। जब घर की छानबीन की गई, तो वहां से कुल 35 सांप निकले, जिनमें ज़हरीले सांप भी थे। इस घटना की खबर फैलते ही लोगों की भीड़ इंद्रकुमार साहू के घर के बाहर जमा हो गई।
बारिश के मौसम में अक्सर सांप ज़मीन के अंदर से निकलकर घरों की ओर रुख करते हैं, लेकिन इतनी बड़ी संख्या में सांपों का एक ही घर से निकलना बेहद दुर्लभ और डरावना है। प्रशासन और वन विभाग को भी इस मामले की जानकारी दी गई है।