बलरामपुर. छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर ब्लॉक के पशुपतिपुर गांव में स्थित एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक की शर्मनाक हरकत का वीडियो सामने आया है। वीडियो में देखा गया कि स्कूल के प्रधानाध्यापक लक्ष्मीनारायण सिंह कक्षा में शराब के नशे में धुत होकर छात्राओं के साथ नाचते नज़र आ रहे हैं। यह वीडियो स्कूल के ही एक स्टाफ सदस्य ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया।
विद्यालय के छात्रों ने आरोप लगाया कि संबंधित शिक्षक अक्सर शराब पीकर स्कूल आते हैं और कई बार बच्चों के साथ मारपीट भी करते हैं। इन आरोपों ने पूरे मामले को और भी गंभीर बना दिया है।
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय विधायक और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने घटना पर नाराजगी जताई और इसे शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर धब्बा बताया। जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) डी.एन. मिश्रा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शिक्षक को निलंबित कर दिया है और उन्हें डीईओ कार्यालय में अटैच किया गया है। बीईओ मनीष कुमार से घटना की विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी गई है।
घटना के सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने मांग की है कि ऐसे शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि स्कूलों की पवित्रता बनी रहे और बच्चों का भविष्य सुरक्षित रहे।