रायपुर। छत्तीसगढ़ में रेत माफियाओं के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी इस मुद्दे को कई बार उठा चुके हैं और सरकार को कटघरे में खड़ा कर चुके हैं। अब बलौदा बाजार जिले से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसने रेत माफियाओं के बढ़ते आतंक की हकीकत उजागर कर दी है।
बताया जा रहा है कि बलौदा बाजार के खपरीडीह गांव में रेत माफियाओं ने मुखबिरी के शक में एक युवक को सार्वजनिक रूप से बिजली के खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा। यह घटना 12 जून 2025 की बताई जा रही है। आरोप है कि अवैध रेत खनन में शामिल माफियाओं को संदेह था कि गांव का यह युवक उनकी गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दे रहा है।
इसी शक के चलते माफियाओं ने युवक को पकड़ लिया और गांव के बीच चौराहे पर ले जाकर बिजली के खंभे से बांध दिया। इसके बाद उन्होंने बेल्ट से उसकी बेरहमी से पिटाई की। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर @TheHongKongPost नामक हैंडल से शेयर किया गया है, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।