मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बालाघाट में नक्सल विरोधी अभियान में सफलता पर दी बधाई

By: PalPal India News
June 15, 2025

जबलपुर. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बालाघाट जिले में 4 नक्सलियों को मुठभेड़ में मार गिराने पर राज्य पुलिस बल के जवानों को बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश सरकार ने मार्च 2026 तक नक्सलवाद को प्रदेश की धरती से समूल खत्म करने का संकल्प लिया है। इस लक्ष्य को पाने में हमारे पुलिस जवानों का भरपूर सहयोग मिल रहा है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार नक्सल विरोधी अभियान में भाग ले रहे पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत कर रही है। कुछ महीने पहले बालाघाट में एक कार्यक्रम में नक्सलियों का खात्मा करने वाले पुलिस के सिपाहियों और अधिकारियों को पदोन्नति देकर सम्मानित किया था। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शनिवार को पचमढ़ी से जारी संदेश में यह बात कही।

नक्सलियों के पास भारी मात्रा में हथियार मिले- मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बालाघाट प्रदेश का एक मात्र जिला है, जो नक्सल प्रभावित है। शनिवार को यहां मुठभेड़ में मारे गए 4 नक्सलियों में 3 महिलाएं शामिल हैं। उनके कब्जे से कई ऑटोमैटिक हथियार, रॉकेट लॉन्चर और भारी मात्रा में गोला-बारूद मिला है। नक्सलियों द्वारा किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने से पहले पुलिस जवानों ने सक्रियता दिखाई और सभी हथियारबंद नक्सलियों को ढेर कर दिया। इस सफल ऑपरेशन के लिए पुलिसबल को बधाई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नक्सलियों की वजह से जनजातीय भाई-बहनों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। नक्सली सरेंडर करें, नहीं तो मारे जाएंगे। प्रदेश पुलिस इस कार्य को बखूबी अंजाम दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *