आंखों में मिर्च झोंक जबरन मिर्च का पानी पिलाया, अंधविश्वास में दामाद को दी खौफनाक मौत

By: PalPal India News
August 29, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि। राजस्थान के चूरू जिले से अंधविश्वास और जादू-टोना के नाम पर हुई दर्दनाक हत्या का मामला सामने आया है। रतनगढ़ क्षेत्र में ससुराल वालों ने 50 वर्षीय दामाद महबूब की जादू-टोना के बहाने निर्मम हत्या कर दी।

जादू-टोना के नाम पर मौत

जानकारी के मुताबिक, ससुराल पक्ष ने महबूब पर बुरी आत्मा का साया होने का आरोप लगाया। इसी के चलते उसे जबरन मिर्च का पानी पिलाया गया, फिर कान में तेल लगी रूई डाली गई और आंखों में मिर्च झोंक दी गई। जब महबूब ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसका मुंह दबाकर पानी से भरे टब में डुबो दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

बेटे की शिकायत पर मामला दर्ज

घटना की जानकारी मृतक के बेटे ने पुलिस को दी। बेटे ने बताया कि उसके पिता महबूब को ननिहाल के लोग जबरन अपने साथ ले गए और वहां अंधविश्वास के चलते यह खौफनाक कृत्य किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अंधविश्वास की भेंट चढ़ा जीवन

यह घटना न सिर्फ एक परिवार की त्रासदी है, बल्कि यह समाज में अब भी व्याप्त अंधविश्वास और कुप्रथाओं की ओर इशारा करती है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *