पलपल इंडिया प्रतिनिधि। मध्यप्रदेश के कई हिस्सों में छाए रहेंगे बादल, और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की सम्भावना मौसम विभाग की तरफ़ से जताई है। मौसम विभाग ने अगले दो-तीन दिन तक बारिश और तेज हवाओं के आसार जताए हैं।
दरअसल मौसम विभाग ने बताया की बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से लगातार आ रही नमी के कारण प्रदेश के अधिकतर शहरों में बादल बने हुए हैं। इससे फिलहाल लू से राहत मिल गई है, लेकिन वातावरण में उमस बढ़ गई है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश भी हो रही है।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार सोमवार को जबलपुर, शहडोल, सागर, नर्मदापुरम संभाग के जिलों में बारिश होने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी वीएस यादव ने बताया कि वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ विदर्भ के आसपास द्रोणिका के रूप में बना हुआ है। दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान और उसके आसपास हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। इसके अतिरिक्त उत्तर-दक्षिणी द्रोणिका विदर्भ से लेकर तमिलनाडु तक बनी हुई है। इस वजह से गरज-चमक के साथ कुछ स्थानों पर बारिश हो रही है। मौसम का इस तरह का मिजाज 29 अप्रैल तक बना रह सकता है।