नई दिल्ली. दिल्ली के एक पांच सितारा होटल में गुरुवार को आयोजित सगाई समारोह में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की बेटी हर्षिता केजरीवाल की सगाई का खास आयोजन हुआ। इस निजी समारोह में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने जोशीले भांगड़े से माहौल को खुशनुमा बना दिया। सोशल मीडिया पर उनका डांस करते हुए वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लोग खूब पसंद कर रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, यह सगाई समारोह दिल्ली के शांग्री-ला होटल में आयोजित किया गया था। यह एक पारिवारिक और निजी आयोजन था जिसमें केवल करीबी रिश्तेदारों और कुछ खास मेहमानों को आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम में माहौल पूरी तरह घरेलू और खुशियों से भरा हुआ नजर आया।
हर्षिता केजरीवाल ने अपने कॉलेज के साथी संभव जैन से सगाई की। बताया जा रहा है कि दोनों आईआईटी दिल्ली में साथ पढ़ते थे और वहीं से उनकी दोस्ती की शुरुआत हुई। सगाई के अगले ही दिन, शुक्रवार को दोनों ने विवाह भी कर लिया और अब अपने नए जीवन की शुरुआत कर चुके हैं इस खास मौके पर सोशल मीडिया पर आम आदमी पार्टी के समर्थकों समेत बड़ी संख्या में लोगों ने केजरीवाल परिवार को बधाइयां दीं। वहीं, भगवंत मान का डांस वीडियो इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गया है और लोग उनके सहज व मस्त अंदाज की खूब तारीफ कर रहे हैं।