CM डॉ. मोहन यादव: मध्य प्रदेश के मंदसौर से इस वक्त बड़ी खबर सामने आई है मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की हॉट एयर बैलून की सवारी के दौरान बड़ा हादसा टल गया. सीएम मोहन गांधीसागर फॉरेस्ट रिट्रीट में हॉट बैलून की सवारी करने पहुंचे थे. हालांकि तेज हवा के कारण वे इसकी सवारी नहीं कर सके. इसी दौरान बैलून के निचले हिस्से में आग लग गई.
CM डॉ. मोहन यादव: इस वक्त की बड़ी खबर मध्य प्रदेश के मंदसौर से सामने आ रही है। यहां सीएम डॉ मोहन यादव के हॉट एयर बैलून में आग लग गई है। जानकारी के मुताबिक सीएम मोहन यादव शनिवार सुबह हॉट एयर बैलून एक्टिविटी के लिए पहुंचे थे। पूरी घटना गांधी सागर फॉरेस्ट मन्दसौर रिट्रीट की बताई जा रही है। जिसे वहां मौजूद कर्मचारियों ने बुझाया. दूसरी ओर, सीएम डॉ. यादव जिस ट्रॉली में सवार थे, उसे सिक्योरिटी गार्ड्स ने संभाले रखा. हालांकि इस पूरी घटना में किसी को भी चोट नहीं आई है. सीएम मोहन यादव भी सुरक्षित हैं.

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गांधी सागर फॉरेस्ट रिट्रीट पर कहा, “यहां पर्यटकों को लुभाने के लिए ऐसी बहुत सारी सुविधाओं की शुरुआत की गई है। मैं बीती रात से गांधी सागर के इस पर्यटन ग्राम में हूं। मध्य प्रदेश पर्यटन निगम के माध्यम से अद्भूत स्थान विकसित किया गया है। हमारे मध्य प्रदेश में इस प्रकार के पर्यटन स्थल बिरले हैं, जहां प्राकृतिक सौंदर्य है, वन संपदा भी है। एकदम से ऐसा लगता है कि किसी और देश में हम आए हैं।”
मंदसौर जिले के गांधी सागर में शुक्रवार की शाम प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने गांधीसागर फॉरेस्ट रिट्रीट का शुभारंभ किया. रात ढलने पर सीएम ने गांधी सागर के हिंगलाज रिसोर्ट में नाइट हाल्ट किया. शनिवार 13 सितम्बर की सुबह सीएम ने चंबल नदी में बोटिंग की. इसके बाद हॉट एयर बैलून की सवारी करने पहुंचे, यहां हवा की रफ्तार तेज होने से बैलून उड़ नहीं सका. इस दौरान बैलून के निचले हिस्से में आग तेज हो गई, जिसे वहां मौजूद कर्मचारियों ने बुझाया. आग लगने के कारण हर कोई परेशान हो गया. सीएम की सुरक्षा में मौजूद सभी कर्मचारी तुरंत एक्टिव हो गए. इसके साथ ही सीएम को ट्राली से नीचे उतारने में लग गए.

हॉट एयर बैलून उडऩे और इसकी सवारी के पीछे हवा की स्पीड को देखा जाता है. यह सामान्य हवा की स्पीड में ही उड़ाया जाता है. हालांकि जब सीएम बैलून की सवारी करने पहुंचे उस दौरान 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही थी. ऐसे में सवारी करना मुश्किल है. इसके बाद भी सीएम ने सवारी की कोशिश की. इसी दौरान बैलून में आग लग गई.
इस पूरी घटना पर मंदसौर कलेक्टर अदिती गर्ग ने कहा कि एयर बैलून में सुरक्षा के संबंध में किसी प्रकार की कोई चूक नहीं हुई है. मुख्यमंत्री जी केवल एयर बैलून को देखने के लिए गए थे. हॉट एयर बैलून, जैसा कि नाम से ही स्पष्ट है, गर्म हवा का गुब्बारा होता है. इसे उड़ान भरने योग्य बनाए रखने के लिए हवा को गर्म किया जाता है, जिससे गुब्बारा ऊपर उठ सके और तैरता रहे. इस पूरी प्रक्रिया में सुरक्षा के सभी मानक पूरी तरह से पालन किए गए हैं.

बता दें कि इससे पहले सीएम डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार की शाम को गांधीसागर में चम्बल नदी की अद्भुत और मनमोहक छटा का अनुभव करते हुए क्रूज की सवारी की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गीत भी गुनगुनाए तथा क्रूज में बज रहे गीतों का आनंद लेकर सभी के बीच एक आत्मीय माहौल बना दिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नदी की निर्मल धाराओं पर आगे बढ़ते हुए प्रकृति की गोद में कुछ समय बिताया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि चम्बल का यह नैसर्गिक सौंदर्य प्रदेश के पर्यटन को नई पहचान देगा। यहां की स्वच्छ जलधारा और प्राकृतिक वातावरण न केवल पर्यटकों को आकर्षित करेगा, बल्कि प्रकृति प्रेमियों को भी आत्मिक सुकून प्रदान करेगा।