पलपल इंडिया प्रतिनिधि। मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया है और 2 एसपी, एक आईजी और एक डीआईजी को पद से हटा दिया है। कटनी और दतिया के एसपी समेत चंबल के आईजी और डीआईजी पर कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल हटा दिया गया है। खुद मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सोशल मीडिया हैंडल X पर जानकारी दी है।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने विवादों के चलते सीनियर पुलिस अधिकारियों पर सख्त एक्शन लेते हुए उन्हें पद से तत्काल हटाया है। मुख्यमंत्री की कड़ी कार्रवाई में कटनी एसपी अभिजीत रंजन, दतिया के एसपी वीरेंद्र कुमार मिश्रा, चंबल रेंज के आईजी सुशांत कुमार सक्सेना और डीआईजी कुमार सौरभ को तत्काल हटा दिया गया है। मुख्यमंत्री ने लिखा, ‘कटनी के पुलिस अधीक्षक और दतिया के पुलिस अधीक्षक और आईजी, डीआईजी चंबल रेंज द्वारा ऐसा व्यवहार किया गया जो लोकसेवा में खेदजनक है। इस कारण इन्हें तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिये हैं।’
मुख्यमंत्री का कटनी एसपी पर एक्शन लेने की बड़ी वजह उनके और सीएसपी कटनी रहीं ख्याति मिश्रा के बीच संबंधों की खबर रही। ख्याति मिश्रा के तहसीलदार पति ने उनके और एसपी के संबंधों को लेकर मुख्य सचिव से शिकायत भी की थी। वही शनिवार को ख्याति मिश्रा और एसपी के संबंधों को लेकर कटनी पुलिस और सीएसपी के तहसीलदार पति के बीच जमकर विवाद भी हुआ था। जिस पर तहसीलदार ने कटनी एसपी पर आरोप भी लगाए थे। इस दौरान कटनी डीएसपी और पत्रकारों के बीच झड़प होने के बाद कटनी के डीएसपी को सार्वजनिक माफी भी मांगनी पड़ी थी।
लगातार होती पुलिस की बदनामी के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव को कड़ा फैसला लेना पड़ा। शाम को दूसरे जारी आदेश में अभिजीत रंजन को कटनी के एसपी पद से हटाने के बाद उनकी जगह अभिनव विश्वकर्मा को पुलिस अधीक्षक कटनी बनाया गया है।
शनिवार को दतिया एयरपोर्ट के लोकार्पण के मौके पर मंचीय व्यवस्थाओं को लेकर दतिया एसपी और डीआइजी, आईजी के बीच सार्वजनिक बहस हुई थी। जिसका खामियाजा आखिरकार तीनों अधिकारियों को उठाना पड़ा।
नए जारी आदेश में अब सूरज वर्मा दतिया की एसपी होंगे और सचिन कुमार अतुलकर, पुलिस महानिरीक्षक चंबल जोन मुरैना होंगे। सुनील कुमार जैन उप पुलिस महानिरीक्षक चंबल रेंज मुरैना होंगे।