पलपल इंडिया प्रतिनिधि,भोपाल। मध्य प्रदेश से एक बड़ी खबर सामने आई है। भोपाल के सभी प्रमुख मार्गों पर महापुरुषों के नाम से द्वार बनेंगे। सीएम मोहन यादव ने खुद ये जानकारी देते हुए कहा कि भोपाल सहित मध्य प्रदेश की पहचान हमारे वीर शासकों से रही है। इसलिए हमारी सरकार ने निर्णय लिया है कि गौरवशाली अतीत को जन-जन तक पहुंचाते हुए, राजधानी के सभी प्रमुख मार्गों पर महापुरुषों के नाम से द्वार बनाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बड़ी घोषणा की कि भोपाल के प्रमुख मार्गों पर सम्राट विक्रमादित्य और राजा भोज जैसे वीर शासकों के नाम से भव्य द्वार बनाए जाएंगे. इस पहल का मकसद प्रदेश के ऐतिहासिक शासकों की यादों को ताजा करना और लोगों को उनके योगदान से जोड़ना है.
CM यादव ने कहा, “मध्य प्रदेश और भोपाल की पहचान हमारे वीर शासकों से रही है. सम्राट विक्रमादित्य ने 2100 साल पहले चक्रवर्ती शासक के रूप में सुशासन, न्याय, वीरता और ज्ञान का परिचय दिया था. उनके एक हजार साल बाद राजा भोज ने भी अद्वितीय शासन किया. भोपाल का बड़ा तालाब उनकी रचनाओं का जीवंत प्रमाण है.
सीएम ने जोर देकर कहा कि मध्य प्रदेश का इतिहास देश को गौरवान्वित करने वाला रहा है. उन्होंने कहा, “यह फैसला हमें उस दौर से जोड़ेगा जब यहाँ के शासकों ने अपनी वीरता और बुद्धिमत्ता से इतिहास रचा.” यह पहल भोपाल को न केवल सौंदर्य, बल्कि ऐतिहासिक गौरव की नई पहचान देगी.