पलपल इंडिया प्रतिनिधि,जबलपुर। कलेक्टर श्री दीपक सक्सेना की अध्यक्षता में आज कलेक्टर सभागार में पुस्तक मेला की व्यवस्थाओं के संबंध में बैठक आयोजित की गई। जिसमें कहा गया कि 25 मार्च से 5 अप्रैल तक शहीद स्मारक प्रांगण में विद्यार्थियों के लिए सुलभ रूप से शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुस्तक मेला आयोजित किया जा रहा है। जिले में लगभग 4 लाख से ज्यादा बच्चे ऐसे हैं जो शैक्षणिक सामग्री का क्रय करते हैं और एक विद्यार्थी अपने शैक्षणिक सामग्री के लिए लगभग 5 हजार रूपये खर्च करते हैं। इस हिसाब से यह पुस्तक मेला में करोड़ों का व्यापार हो सकता है। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों से पुस्तक मेला को भव्य व आकर्षक बनाने के सभी प्रयास करें।
साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि पुस्तक मेला में पुस्तक व शैक्षणिक सामग्री विक्रेताओं के लिए आवश्यक सुविधा सुनिश्चित करायें। उन्होंने कहा कि पुस्तक मेला से बच्चों को सस्ती व किफायती दर पर गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध हो सकेगी। इस व्यवस्था में सामग्रियों के विक्रय पर पारदर्शिता होगी और शैक्षणिक सामग्री विक्रेताओं के एकाधिकार पर अंकुश भी लगेगा। उन्होंने कहा कि पुस्तक मेला में बुक, स्टेशनरी, यूनिफार्म व फूड स्टॉल के साथ सांस्कृतिक गतिविधियां भी हों। विद्यार्थी अपनी पुरानी किताबों को डोनेट करें, इसके बदले उन्हें कूपन दिया जायेगा, जिसका उपयोग वे अपने स्टेशनरी खरीदने में कर सकते हैं। कोई भी विद्यार्थी अपने वांछित किताब से वंचित न रहें इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं करें।
कलेक्टर ने कहा कि पुस्तक मेला में एक मीटिंग हॉल भी बनाया जाये, पुस्तक मेला का ब्रांडिंग किया जाये तथा प्रतिदिन एक मुख्य अतिथि को बुलायें। मेला स्थल पर पार्किंग व साफ-सफाई के साथ सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरूस्त कर मेला को भव्य व एक मॉडल रूप में लाना हैं। बैठक के दौरान अपर कलेक्टर सुश्री मिशा सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक गहलोत, जिला शिक्षा अधिकारी श्री घनश्याम सोनी, जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक श्री विनीत रजक सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।