विंबलडन में ड्रेस कोड को लेकर विवाद, ओस्तापेंको ने स्कर्ट उठाकर किया विरोध

By: PalPal India News
July 7, 2025

नई दिल्ली. विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट में एक अनोखा और चर्चित दृश्य उस समय सामने आया, जब लातविया की शीर्ष टेनिस खिलाड़ी जलेना ओस्तापेंको ने कोर्ट पर अंपायर की टिप्पणी के जवाब में स्कर्ट उठाकर अपना विरोध दर्ज कराया। यह वाकया विमेंस डबल्स के दूसरे राउंड मुकाबले से पहले कोर्ट 14 पर हुआ, जब ब्रिटिश अंपायर जैमी क्रॉसन ने ओस्तापेंको के पहनावे पर सवाल खड़े किए।

विंबलडन में लंबे समय से खिलाड़ियों के लिए पूरी तरह सफेद ड्रेस कोड अनिवार्य है। अंपायर द्वारा सवाल किए जाने पर ओस्तापेंको ने बेझिझक स्कर्ट उठाकर दिखाया कि उन्होंने नीचे डार्क ग्रीन शॉर्ट्स पहने हैं। उनका यह कदम न केवल दर्शकों को चौंका गया, बल्कि सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया, जहां इसे साहसिक और आत्मविश्वास से भरा विरोध बताया जा रहा है।

दरअसल, 2023 में विंबलडन के ड्रेस कोड में बदलाव किया गया था, जिसके तहत महिला खिलाड़ियों को पीरियड्स के दौरान डार्क कलर के अंडरशॉर्ट्स पहनने की छूट दी गई थी। इससे पहले महिला खिलाड़ियों को पूरी तरह सफेद पहनावा ही स्वीकार्य था, जिस पर असहजता को लेकर बार-बार आपत्ति जताई गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *