नई दिल्ली। देश में कोविड-19 संक्रमण एक बार फिर चिंता का विषय बनता जा रहा है। पिछले कुछ दिनों में कोरोना के मामलों में तेज़ इजाफा देखने को मिला है, खासकर दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और तिरुवनंतपुरम जैसे बड़े शहरों में। मौजूदा स्थिति में भारत के 20 राज्यों में कोरोना वायरस फैल चुका है, और कुल मामलों की संख्या 1045 तक पहुंच गई है। केरल में सबसे ज्यादा 430 एक्टिव केस दर्ज किए गए हैं। इनमें से अधिकतर मरीज तिरुवनंतपुरम में हैं। बताया जा रहा है कि कई संक्रमित हाल ही में विदेश यात्रा से लौटे थे। राज्य में अब तक दो लोगों की मौत भी हो चुकी है। महाराष्ट्र में चार मौतें दर्ज की गई हैं, जिसमें ठाणे में सोमवार को एक महिला की मौत शामिल है।
पिछले एक सप्ताह में देशभर में सात लोगों की मौत कोविड-19 से हो चुकी है। महाराष्ट्र, राजस्थान, पश्चिम बंगाल और कर्नाटक में अब तक कुल 10 मौतें दर्ज की गई हैं, जिनमें से आठ हाल के दिनों में हुई हैं। अकेले महाराष्ट्र में ही पांच लोगों की जान जा चुकी है। सोमवार को जयपुर में कोरोना से दो मरीजों की मौत हुई। इनमें एक व्यक्ति रेलवे स्टेशन पर मृत मिला, जिसकी रिपोर्ट बाद में पॉजिटिव आई। दूसरा एक 26 वर्षीय युवक था, जो पहले से टीबी से ग्रसित था। वहीं, महाराष्ट्र के ठाणे में भी एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे पहले 17 मई को बेंगलुरु में 84 वर्षीय बुजुर्ग की मल्टी ऑर्गन फेल्योर से मृत्यु हुई थी, जिनकी रिपोर्ट बाद में पॉजिटिव आई।