महाराष्ट्र में बढ़े कोरोना के मामले, ठाणे में 21 वर्षीय युवक की मौत

By: PalPal India News
May 25, 2025

ठाणे। देश में कोविड-19 के छिटपुट मामलों के बीच महाराष्ट्र में एक बार फिर संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। ठाणे में 21 वर्षीय युवक, जो मुंब्रा का निवासी था, की कोरोना संक्रमण के चलते इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक को 22 मई 2025 को छत्रपति शिवाजी महाराज कालवा अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

ठाणे नगर निगम की जानकारी के अनुसार, 24 मई 2025 को शहर में 8 नए कोविड-19 मामले सामने आए हैं, जिससे सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है। इनमें से केवल एक मरीज अस्पताल में भर्ती है, बाकी मरीज होम आइसोलेशन में हैं। नगर निगम ने कहा है कि चिकित्सा संसाधनों की कोई कमी नहीं है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

कर्नाटक के बेंगलुरु में भी एक 84 वर्षीय व्यक्ति की मल्टी-ऑर्गन फेल्योर से मृत्यु हो गई। जांच में पुष्टि हुई कि वे कोविड-19 पॉजिटिव थे। राज्य में वर्तमान में 38 सक्रिय मामले हैं, जिनमें से 32 अकेले बेंगलुरु में हैं। इसी के साथ दिल्ली, कर्नाटक और अन्य राज्यों ने भी जनता से सतर्क रहने की अपील की है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह कोई बड़ी लहर नहीं है। इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल के वरिष्ठ सलाहकार डॉ. सुरंजित चटर्जी ने बताया, “मौजूदा हालात नियंत्रण में हैं। अधिकतर केस हल्के और सीमित हैं और उन्हें आसानी से प्रबंधित किया जा रहा है।” केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव पून्या सलिला श्रीवास्तव ने महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल समेत कई राज्यों में कोविड मामलों की समीक्षा की है। सूत्रों के मुताबिक, अधिकांश मरीज घर पर ही इलाज करा रहे हैं। आईडीएसपी और आईसीएमआर के माध्यम से केंद्र सरकार स्थिति पर करीबी नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *