पलपल इंडिया प्रतिनिधि। मध्य प्रदेश सरकार के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने बुधवार को जबलपुर में सेमिनार का आयोजन कराया। मंत्री राकेश सिंह के पहल पर जबलपुर से कई शहरों के लिए फ्लाइट शुरू होगी।
इस आयोजन में जबलपुर के होटल, हॉस्पिटल, शिक्षा, सर्राफा, बिल्डर, ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री, गारमेंट इंडस्ट्री और हाई को एयर इंडिया एक्सप्रेस एयरलाइंस के अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है। विभिन्न सेक्टर के प्रतिनिधियों के साथ होटल नर्मदा जेक्शन में परिचर्चा आयोजित की गई। इस दौरान श्री सिंह ने कहा कि जबलपुर के साथ मध्यप्रदेश के संयोग व कुछ दुर्योग भी रहे हैं। अंग्रेजों ने यहां की महत्ता को देखते हुए यहां रक्षा संस्थानों की स्थापना की। लेकिन यह राजधानी नहीं बन पाई उसके बदले यहां उच्च न्यायालय मिला। जबलपुर महानगर के स्वरूप में तेजी से उभरता हुआ शहर है, लोक निर्माण मंत्री ने इसके विकास गाथाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी और कहा कि किस प्रकार यहां एयर कनेक्टिविटी का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विख्यात चिंतक व लेखक श्री प्रशांत पोल ने जबलपुर में एयर कनेक्टिविटी की संभावनाओं को प्रजेंटेशन के माध्यम से बताकर कहा कि यहां कई बड़े औद्योगिक क्षेत्र हैं, पांच बड़े विश्वविद्यालय हैं तथा शिक्षा व रोजगार के क्षेत्र में अपार संभावनाएं है। जबलपुर रक्षा संस्थान, गारमेंट कलस्टर, ऑटोमोबाईल सेक्टर, उच्च न्यायालय व न्यायिक अकादमी, टूरिज्म के साथ-साथ धार्मिक व सांस्कृतिक गतिविधियों का क्षेत्र भी है। जबलपुर के हेरीटेज विश्व विख्यात है। न्यायिक, प्रशासनिक, सैन्य क्षेत्र में बड़ी संख्या में अधिकारी है, जिन्हें एयर कनेक्टिविटी की जरूरत पड़ती है।
एयर इंडिया एक्सप्रेस की टीम ने जबलपुर की अपार संभावनाओं को बड़े ध्यान से सुना और कहा कि जबलपुर में विकास की संभावनाएं काफी प्रभावी हैं। यह आर्थिक रूप से उभरता हुआ शहर है। उन्होंने कहा कि वे निश्चित रूप से एयर कनेक्टिविटी का विस्तार करेंगे, लेकिन इसके लिए जबलपुर वासियों को कुछ समय के लिए धैर्य रखना होगा।