नई दिल्ली. उत्तर-पूर्वी दिल्ली के दयालपुर इलाके में शनिवार तड़के बड़ा हादसा हुआ, जहां एक चार मंजिला इमारत गिरने से 11 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 3 बजे हुआ, जब अधिकांश लोग सो रहे थे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस दर्दनाक घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, “मुस्तफाबाद में इमारत गिरने की घटना अत्यंत दुखद है। इसमें बच्चों और महिलाओं समेत कई लोगों की जान चली गई, जो बेहद पीड़ादायक है। मैं सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करती हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करती हूं।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा, “दयालपुर में इमारत गिरने की घटना से बेहद व्यथित हूं। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। घायलों के शीघ्र ठीक होने की प्रार्थना करता हूं। स्थानीय प्रशासन पीड़ितों को हरसंभव सहायता दे रहा है।”
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से घोषणा की गई है कि हादसे में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। डिविजनल फायर ऑफिसर राजेंद्र अटवाल के अनुसार, मलबे में कई लोग फंसे हुए थे, जिनमें से अब तक 14 को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है।
बताया जा रहा है कि इमारत में करीब 20 से 25 लोग रह रहे थे। गिरने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन घटना से कुछ घंटे पहले दिल्ली में तेज हवाओं और हल्की बारिश का मौसम रहा, जो इमारत के गिरने का संभावित कारण हो सकता है।