नई दिल्ली। साउथ एशियन यूनिवर्सिटी (SAU) में महाशिवरात्रि के दिन नॉन-वेज खाने को लेकर छात्रों के दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस घटना को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) ने एक-दूसरे पर हिंसा भड़काने के आरोप लगाए हैं। बुधवार को यूनिवर्सिटी के मेस में कुछ छात्रों ने महाशिवरात्रि के उपवास के चलते सात्विक भोजन की मांग की, जबकि कुछ छात्र नॉन-वेज भोजन की उपलब्धता को लेकर अड़े रहे। इस मुद्दे पर पहले बहस हुई, जो जल्द ही हिंसक झगड़े में बदल गई।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 3:45 बजे मैदनगढ़ी पुलिस स्टेशन को यूनिवर्सिटी में झड़प की सूचना मिली। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो मेस में छात्रों के बीच झगड़ा चल रहा था। हालांकि, अब तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं की गई है, लेकिन पुलिस मामले की जांच कर रही है।
SFI ने दावा किया कि ABVP के कार्यकर्ताओं ने मेस में नॉन-वेज खाने पर जबरदस्ती रोक लगाने की कोशिश की। संगठन ने आरोप लगाया कि ABVP के सदस्यों ने विरोध करने वाले छात्रों पर हमला किया, महिला छात्रों के साथ बदसलूकी की, उनके बाल खींचे, और यहां तक कि मेस स्टाफ पर भी हमला कर दिया, क्योंकि वहां नॉन-वेज भोजन परोसा जा रहा था। वहीं, ABVP ने SFI के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि SFI के सदस्यों ने जबरदस्ती उस मेस में नॉन-वेज परोसने की कोशिश की, जो उपवास रखने वाले छात्रों के लिए आरक्षित थी। ABVP के अनुसार, “हमने पहले ही प्रशासन से निवेदन किया था कि महाशिवरात्रि के दिन सात्विक भोजन की व्यवस्था की जाए। यूनिवर्सिटी ने दो अलग-अलग मेस में अलग-अलग भोजन की व्यवस्था की थी, लेकिन SFI के सदस्य जबरदस्ती नॉन-वेज परोसने की कोशिश करने लगे, जिससे विवाद हुआ।”