दीक्षा यादव का ओपन सी स्विमिंग में डबल गोल्ड, द्रुपद रामकृष्ण ने भी रचा इतिहास

By: PalPal India News
May 23, 2025

दीव: महाराष्ट्र की 19 वर्षीय तैराक दीक्षा यादव ने पहले खेलो इंडिया बीच गेम्स (KIBG 2025) में ओपन सी स्विमिंग में शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों स्पर्धाओं — 10 किमी और 5 किमी — में स्वर्ण पदक जीतकर स्वर्णिम डबल हासिल किया। गुरुवार सुबह घोघला बीच पर हुए मुकाबलों में दीक्षा ने यह उपलब्धि हासिल की।

दीक्षा ने बताया कि उन्हें लंबी दूरी की तैराकी से खास लगाव है और उन्होंने तैराकी की शुरुआत 10वीं कक्षा में की थी। वह पुणे के बालेवाड़ी स्टेडियम में प्रशिक्षण लेती रही हैं और यह ओपन वॉटर स्विमिंग में उनका दूसरा साल है। अमेरिकी तैराक कैटी लेडेकी से प्रेरित दीक्षा ने कहा, “KIBG 2025 में दोहरे स्वर्ण पदक जीतना मेरे अब तक के अभ्यास का नतीजा है।” उन्होंने 5 किमी रेस 1 घंटा, 10 मिनट और 12 सेकंड में पूरी की। अरब सागर में यह उनका पहला अनुभव था, जिसे उन्होंने उत्साहपूर्वक लिया। उन्होंने कहा, “पानी अपेक्षाकृत शांत था, जिससे तैराकी आसान रही। खेलो इंडिया का यह मंच मेरे करियर को नई दिशा देगा। अब मेरा लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय टीम में चयन और विश्व चैंपियनशिप में भारत के लिए पदक जीतना है।”

द्रुपद रामकृष्ण का भी जलवा

पुरुषों की 5 किमी ओपन सी स्विमिंग स्पर्धा में कर्नाटक के 15 वर्षीय द्रुपद रामकृष्ण ने भी शानदार प्रदर्शन किया और 1 घंटा, 6 मिनट, 46 सेकंड में दौड़ पूरी कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। द्रुपद वर्तमान में कक्षा 10 के छात्र हैं और बेंगलुरु के बसवनगुड़ी जलीय केंद्र में प्रशिक्षण लेते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *