नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शपथ लेने के साथ ही दिल्ली सरकार में मंत्रियों को विभागों का आवंटन कर दिया है। बीजेपी सरकार की नई टीम में प्रवेश वर्मा, कपिल मिश्रा, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र कुमार इंद्राज, आशीष सूद और पंकज कुमार सिंह को अहम मंत्रालयों की जिम्मेदारी दी गई है।
रेखा गुप्ता ने अपने पास वित्त, राजस्व, सेवाएं, प्रशासनिक सुधार, महिला एवं बाल विकास, जनसंपर्क, सतर्कता, भूमि एवं भवन जैसे महत्वपूर्ण विभाग रखे हैं। वहीं, बाकी मंत्रियों को भी प्रमुख मंत्रालय सौंपे गए हैं।
दिल्ली सरकार में विभागों का बंटवारा
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता: वित्त, राजस्व, सेवाएं, प्रशासनिक सुधार, महिला एवं बाल विकास, जनसंपर्क, सतर्कता, भूमि एवं भवन
प्रवेश वर्मा: लोक निर्माण विभाग (PWD), विधायी कार्य, जल, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण, गुरुद्वारा चुनाव
कपिल मिश्रा: विधि एवं न्याय, श्रम एवं रोजगार, विकास, कला, संस्कृति, भाषा और पर्यटन
आशीष सूद: गृह, ऊर्जा, शहरी विकास, शिक्षा, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और प्रशिक्षण
मनजिंदर सिंह सिरसा: उद्योग, खाद्य आपूर्ति, वन एवं पर्यावरण, योजना
रविंद्र कुमार इंद्राज: समाज कल्याण, SC/ST कल्याण, कॉरपोरेशन, चुनाव
डॉ. पंकज कुमार सिंह: स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, परिवहन, सूचना तकनीक
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि उनकी सरकार ‘जनसेवा, सुशासन और विकास’ को प्राथमिकता देगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ विजन को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई और कहा कि उनकी टीम दिल्ली को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए कड़ी मेहनत करेगी। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, “दिल्ली सरकार के मंत्रिमंडल में शामिल सभी सहयोगियों को शुभकामनाएं। हम सभी मिलकर दिल्ली में विकास और सुशासन का नया अध्याय लिखेंगे।”