शिवपुरी. मध्यप्रदेश के शिवपुरी में एक विकास परियोजना के उद्घाटन समारोह के दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का एक दिलचस्प और भावुक पल कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। कार्यक्रम के दौरान जब सिंधिया मंच से उतरकर लोगों से मुलाकात कर रहे थे, तभी उनकी नजर भीड़ में खड़ी एक महिला पर पड़ी, जो गुटखा खा रही थी। सिंधिया ने मुस्कुराते हुए उसका गुटखा पैकेट ले लिया और बड़े ही प्यार से कहा- “उदास मत होओ कि मैंने सुपारी छीन ली, खुश होओ कि अब सेहत सुधरेगी।” उनका यह अंदाज न सिर्फ संवेदनशील था बल्कि एक बड़े भाई जैसी सादगी भी झलक रही थी। इस सहज लहजे में उन्होंने एक गंभीर स्वास्थ्य संदेश भी दे डाला — वो भी बिना किसी औपचारिक भाषण के। सोशल मीडिया पर सिंधिया की खूब सराहना वीडियो वायरल होते ही लोग सिंधिया की इंसानी छवि की जमकर तारीफ कर रहे हैं। किसी ने इसे “जन नेता जैसा व्यवहार” बताया, तो कोई इसे पब्लिक हेल्थ अवेयरनेस का शानदार उदाहरण बता रहा है।
यह वाकया यह भी दिखाता है कि जब कोई बात दिल से और सीधे अंदाज में कही जाती है, तो वह लोगों पर गहरा असर छोड़ती है। गुटखे जैसी आदतों के खिलाफ यह एक छोटी लेकिन प्रभावशाली पहल बनकर सामने आई है।