एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में नशे में धुत यात्री ने की एयर होस्टेस से छेड़छाड़, CISF ने पकड़ा

By: PalPal India News
June 29, 2025

नई दिल्ली. एयर इंडिया एक्सप्रेस की दुबई से जयपुर आने वाली फ्लाइट IX-196 में महिला क्रू सदस्य के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। शुक्रवार रात 12:45 बजे दुबई से उड़ान भरने वाली यह फ्लाइट शनिवार सुबह 2:40 बजे जयपुर पहुंची। फ्लाइट में सीट नंबर 15-B पर बैठे एक यात्री पर आरोप है कि उसने शराब के नशे में एयर होस्टेस से बदसलूकी और अभद्र व्यवहार किया।

सूत्रों के अनुसार, उड़ान के दौरान यात्री फ्लाइट में शराब पी रहा था, जो कि एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानों में पूरी तरह प्रतिबंधित है। जब एयर होस्टेस ने टोका और उससे पूछा कि वह क्या पी रहा है, तो उसने झूठ बोलते हुए कहा कि वह ऑरेंज जूस पी रहा है। जबकि हकीकत में वह शराब थी, जो उसने दुबई ड्यूटी फ्री से खरीदी थी।

जब क्रू मेंबर ने उसका गिलास लेने की कोशिश की, तो वह बहस पर उतर आया। स्टाफ की मदद से उससे गिलास तो ले लिया गया, लेकिन इसके बाद यात्री का व्यवहार और भी आक्रामक हो गया। रिपोर्ट के मुताबिक, वह बार-बार केबिन में जाकर शराब की मांग करता रहा।

इतना ही नहीं, एक मौके पर जब महिला क्रू सदस्य ड्यूटी कर रही थीं और उसके पास से गुजरीं, तो उस युवक ने उन्हें पीछे से अनुचित तरीके से छूने की कोशिश की। पूरी उड़ान के दौरान वह लगातार महिला स्टाफ को परेशान करता रहा।

फ्लाइट के जयपुर पहुंचने के बाद भी उसने बदतमीजी जारी रखी और जब उससे बोर्डिंग पास मांगा गया, तो उसने उसे छिपा लिया और कर्मचारियों से बहस करने लगा। जब स्थिति नियंत्रण से बाहर होती दिखी, तो एयरपोर्ट पर तैनात CISF कर्मियों को बुलाया गया, जिन्होंने युवक को हिरासत में ले लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *