चरित्र संदेह के चलते एक पति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हमला कर निर्मम हत्या कर दी, डेढ़ साल का मासूम रोता रहा माँ के लिए

By: PalPal India News
May 10, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि। महाराष्ट्र के गोंदिया जिले से एक निर्मम हत्या कर देने वाली घटना सामने आई है। चरित्र संदेह के चलते एक पति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। शख्स ने अपनी हंसती-खेलती जिंदगी को पलभर में तबाह करते हुए डेढ़ साल के मासूम बेटे से उसकी मां का साया ही छीन लिया। घटना जिले के गोंदिया तहसील के रावणवाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अंभोरा में गुरुवार देर रात करीब 11:30 घटित हुई।

छह महीने से पत्नी पर कर रहा था शक

जानकारी के अनुसार, ग्राम अंभोरा निवासी 35 वर्षीय सुनील मदन पटले का विवाह करीब छह वर्ष पूर्व 30 वर्षीय आरती के साथ हुआ था। दोनों दंपति का एक डेढ़ साल का बेटा भी है। शादी के शुरुआती पांच साल तो सब ठीक-ठाक रहा, लेकिन पिछले छह महीने से सुनील को अपनी पत्नी आरती के चरित्र पर संदेह था। इसी बात को लेकर घर में अक्सर कलह रहती थी और दोनों के बीच आये दिन झगड़े होते रहते थे।

हत्या से पहले दोनों के बीच हुई थी लड़ाई

8 मई की देर रात लगभग 11:30 बजे सुनील और आरती के बीच फिर से जमकर विवाद हुआ। सुनील ने गुस्से में आकर आरती पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे आरती की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आस-पड़ोस के लोग मौके पर जमा हो गए और तुरंत रावणवाड़ी पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का पंचनामा तैयार किया और मृतका आरती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया जा रहा है की पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी सुनील घटनास्थल से फरार हो गया था। हालांकि, बाद में उसने रावणवाड़ी पुलिस थाने में आत्मसमर्पण कर दिया। रावणवाड़ी पुलिस ने आरोपी पति सुनील पटले के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *