परीक्षा के दौरान चेकिंग के नाम पर छात्रा से छेड़छाड़, डिप्रेशन में आकर छात्रा ने दी अपनी जान

By: PalPal India News
March 3, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि,ओडिशा। ओडिशा में एक शिक्षक की गलत हरकत के कारण एक छात्रा ने खुदकुशी कर ली है। आरोप है कि टीचर ने परीक्षा के दौरान चेकिंग के नाम पर छात्रा से छेड़छाड़ की थी, जिसके बाद छात्रा ने बड़ा कदम उठा लिया है।

ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले के पट्टामुंडई कॉलेज में पढ़ने वाली 12वीं की एक छात्रा ने अपने टीचर की गलत हरकत से तंग आकर आत्महत्या कर ली। आरोप है कि परीक्षा के दौरान एक शिक्षक ने उसे गलत तरीके से छुआ, जिससे वह डिप्रेशन में आ गई और उसने यह कदम उठा लिया। इस घटना से पूरे इलाके में रोष दिखाई दे रही है। छात्रा की मां ने पट्टामुंडई देहात पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

चेकिंग के बहाने बाहर बुलाकर की गलत हरकत

19 फरवरी को परीक्षा के दौरान ड्यूटी पर तैनात एक शिक्षक ने छात्रा को चेकिंग के बहाने बाहर बुलाया और उसके साथ अश्लील हरकत की। जब छात्रा ने इसका विरोध किया, तो शिक्षक ने उसे परीक्षा से निकालने की धमकी दी और किसी को न बताने की चेतावनी दी। डरी-सहमी छात्रा 10 मिनट बाद जब परीक्षा देने अपनी सीट पर लौटी, तो वह घबराकर रोने लगी थी। इस मानसिक आघात के कारण वह ठीक से परीक्षा भी नहीं दे पाई। घर पहुंचने पर उसने अपनी मां को पूरी घटना बताई। परिजन कॉलेज प्रशासन के पास गए, लेकिन कथित तौर पर उन्हें परीक्षा खत्म होने के बाद मामले को देखने की बात कहकर लौटा दिया गया। पर छात्रा शिक्षक की इस गलत हरकत का सदमा बर्दाश्त न कर सकी और 24 फरवरी को उसने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस ने शुरुआत में इसे अप्राकृतिक मृत्यु का मामला मानकर जांच शुरू की, लेकिन शनिवार को जब छात्रा की मां ने लिखित शिकायत दर्ज कराई, तो पुलिस ने जांच तेज कर दी।

मृतका की मां ने कही ये बात

मृतका की माँ ने कहा,”लड़की कॉलेज गई थी, 19 फरवरी को उसकी परीक्षा थी। जब वो वापस कॉलेज से लौटकर आई तो अपने कमरे में रो रही थी। मैंने पूछा क्या हुआ तो उसने कहा कि माँ मुझे आधे घंटे तक परीक्षा देने से रोक दिया गया। मैने पूछा क्यों तो उसने कहा कि मुझे चेक किया जा रहा था। मैंने पूछा कि क्या बाकी लोगों को भी चेक किया जा रहा था? तो उसने कहा कि सिर्फ मुझे चेक किया जा रहा था। मेरी बेटी ने आगे बताया कि जब उसकी जांच की जा रही थी तो उसने आपत्ति उठाते हुए जांचकर्ता से उसे कॉमन रूम ले जाने को कहा क्योंकि वहां अधिकतर पुरुष शिक्षक मौजूद थे। ऐसा कहने पर उसे गलत चीजें कही गईं और कहा गया कि उसके मार्क काट दिए जाएंगे।”

मृतका की मां ने आगे बताया, “मेरी बेटी ने कहा कि जब वो परीक्षा लिख रही थी तब इनविजिलेटर बार बार गलत ढंग से उसका हाथ पकड़ रहे थे और उसे गलत तरीके से घूर रहे थे। उस घटना के बाद से मेरी बेटी परेशान रहने लगी। मैंने उससे कहा कि ठीक है हम इस बारे में 25 फरवरी को प्रधानाचार्य से बात करेंगे, पर फिर भी उसके दिमाग से ये चीजें नहीं हट रही थी। घटना के दिन मैं जब बाजार से लौटी तो मैंने पाया कि घर का दरवाजा अंदर से बंद था और मेरी बेटी से फांसी लगा ली थी।” वहीं, इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में गुस्सा दिख रहा है। स्थानीय लोग दोषी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *