पलपल इंडिया प्रतिनिधि। जबलपुर के अधारताल थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर युवकों ने बारात में हमला कर दिया। दूल्हा-दुल्हन की कार पर पथराव और परिजनों से मारपीट हुई। जिसके बाद पुलिस सुरक्षा में शादी संपन्न हुई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर एफआईआर दर्ज कराई।
जानकारी के मुताबिक़ अधारताल में बुधवार की रात को एक विवाह समारोह में कुछ युवकों ने उत्पात मचाया। उन्होंने पहले बारात निकलने में बाधा डाला। घोड़े पर सवार दूल्हे को गिराने की कोशिश की। उसके बाद दूल्हा-दुल्हन की कार पर पथराव किया। विवाद इतना बढ़ा कि दुल्हन अपने परिजन के साथ थाने पहुंच गई। उसके बाद पुलिस सुरक्षा में सात फेरे हो सकें। अमखेरा स्थित मैरेज गार्डन में शादी की रस्में होना था।
अमखेरा निवासी कंचन रैकवार का बुधवार को विवाह था। रात में लालमाटी से बारात आयीं थी। घोड़े में सवार दूल्हे के साथ नाचते-गाते बाराती मैरेज गार्डन के सामने ही पहुंचे थे कि दुल्हन के पड़ोस में रहने वाले अभिषेक रैकवार तीन-चार युवकों के साथ वहां पहुंचा। अभिषेक की दुल्हन के परिवार के साथ शत्रुता है। भूमि संबंधी विवाद हो लेकर उनके परिजन के बीच में भी विवाद हो चुके है। बदला लेने की नीयत से आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर बारात में हमला कर दिया। फिर विवाह स्थल में जाकर उत्पात मचाया। मारपीट और पथराव कर बारातियों में दहशत फैलाया। अफरा-तफरी मचने और फिर तनाव की सूचना पर पुलिस बल तैनात किया गया। उसके बाद विवाह हो सका।
आरोपीों के कृत्य से त्रस्त दुल्हन स्वयं स्वजन के साथ मामले की शिकायत लेकर रात में अधारताल पहुंची। उनके पीछे-पीछे आरोपी पक्ष के लोग भी थाने पहुंच गए। आमना-सामना होने पर थाने में ही दोनों पक्षों में हाथापाई हो गई। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद आरोपी अभिषेक और उसके परिजन लौट गए, तब मामला शांत हुआ। उसके बाद पुलिस दुल्हन को अपने साथ लेकर विवाह स्थल पर पहुंची। पुलिस की उपस्थिति में सात फेरे से लेकर विदाई तक की रस्में हुई। उसके बाद सुबह पुलिस बल को हटाया गया।
विवाद के बाद दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के विरुद्ध एफआइआर कराई गई है। दुल्हन की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी अभिषेक, आशीष, कपिल एवं आकाश रैकवार के विरुद्ध मामला पंजीबद्ध किया है। आरोपी अभिषेक (23) मत्स्य विभाग का श्रमिक है। वहीं, अभिषेक ने शिकायत की है कि वह भांजी के विवाह समारोह से लौट रहा था। रास्ते में राजेश रैकवार, शुभम रैकवार, नमन रैकवार और गौरव रैकवार ने उस पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया।