दिल्ली नगर निगम में चेयरपर्सन और डिप्टी चेयरपर्सन का चुनाव आज

By: PalPal India News
June 12, 2025

नई दिल्ली. दिल्ली नगर निगम (MCD) में आज, 12 जून, चेयरपर्सन और डिप्टी चेयरपर्सन पद के लिए चुनाव होने जा रहे हैं। इस मुकाबले में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिल सकता है। चेयरपर्सन के चुनाव में बीजेपी की ओर से गौतमपुरी वार्ड की पार्षद सत्या शर्मा मैदान में हैं, जबकि आम आदमी पार्टी ने जनकपुरी वेस्ट से पार्षद प्रवीण कुमार को अपना उम्मीदवार बनाया है। दोनों ही पार्टियां अपने-अपने पार्षदों के समर्थन को एकजुट करने में लगी हुई हैं।

इस अहम चुनाव से पहले दोपहर 2 बजे स्थायी समिति की बैठक बुलाई गई है। इस बैठक की अध्यक्षता महापौर राजा इकबाल सिंह पीठासीन अधिकारी के रूप में करेंगे। बैठक के बाद दोनों पदों के लिए मतदान होगा और वोटिंग के तुरंत बाद नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे।

दिल्ली नगर निगम की 18 सदस्यीय स्थायी समिति में इस समय बीजेपी के पास 11 सदस्य हैं, जबकि आम आदमी पार्टी के 7 सदस्य हैं। ऐसे में बीजेपी को फिलहाल संख्या के लिहाज से बढ़त दिखाई दे रही है, लेकिन अंतिम परिणाम वोटिंग के बाद ही तय होगा। आज का दिन दिल्ली की नगर राजनीति के लिहाज से काफी अहम रहने वाला है, जहां यह साफ हो जाएगा कि नगर निगम में किस पार्टी का प्रभाव मजबूत रहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *