टेस्ला (Tesla) के सीईओ एलन मस्क ने एक बड़ा और क्रांतिकारी ऐलान किया है। मस्क ने कहा है कि कंपनी 22 जून से अपनी सेल्फ-ड्राइविंग रोबोटैक्सी सेवा आम लोगों के लिए शुरू करने जा रही है। इस सेवा की शुरुआत सबसे पहले अमेरिका के टेक्सास राज्य के ऑस्टिन शहर से होगी। मस्क ने यह जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर एक यूजर के सवाल का जवाब देते हुए साझा की।
मस्क ने स्पष्ट किया कि कंपनी सुरक्षा को लेकर बेहद सतर्क है, इसलिए तारीख में कुछ बदलाव संभव हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि शुरुआती चरण में करीब 10 से 20 Model Y SUV गाड़ियां सीमित क्षेत्र में चलेंगी, जिन पर मानव निगरानी भी रखी जाएगी।
एलन मस्क पहले ही यह साफ कर चुके हैं कि अब टेस्ला का फोकस सस्ती इलेक्ट्रिक कारों से हटकर पूरी तरह सेल्फ-ड्राइविंग टेक्नोलॉजी पर होगा। टेस्ला की मौजूदा वैल्यूएशन भी इसी विजन पर आधारित है। हालांकि, सेल्फ-ड्राइविंग वाहनों को बड़े स्तर पर उतारना अब भी एक बड़ी चुनौती बना हुआ है, जिसमें सुरक्षा, नियामक मंजूरी और भारी निवेश जैसे कई पहलू शामिल हैं।
मस्क ने यह भी जानकारी दी कि 28 जून से टेस्ला की गाड़ियां फैक्ट्री से सीधे ग्राहक के घर तक खुद-ब-खुद पहुंचेंगी। यह पूरी प्रक्रिया टेस्ला के फुल सेल्फ-ड्राइविंग (FSD) सॉफ्टवेयर के जरिए संभव होगी।
हाल ही में मस्क ने एक वीडियो शेयर किया था जिसमें एक Model Y गाड़ी बिना ड्राइवर के ऑस्टिन की सड़कों पर मोड़ लेती नजर आई। उस गाड़ी पर ‘Robotaxi’ लिखा था, जिसके पीछे एक और Model Y गाड़ी चल रही थी। इससे माना जा रहा है कि फिलहाल टेस्ला सीमित स्तर पर ट्रायल कर रही है।
मस्क ने यह भी कहा, “ऑस्टिन > LA for robotaxi launch lol“, यानी लॉन्च के लिए ऑस्टिन, लॉस एंजेलिस से बेहतर है। दरअसल, कैलिफोर्निया में सेल्फ-ड्राइविंग गाड़ियों को लेकर कड़े नियम हैं, जिसके चलते वहां यह सेवा बाद में शुरू होगी।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि रोबोटैक्सी सेवा किस मॉडल में शुरू होगी, किराया क्या होगा, यह कितनी दूरी तक चलेगी या आम लोग इसे कैसे बुक कर सकेंगे। लेकिन इतना तय है कि यह कदम टेस्ला और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री के लिए एक बड़ा गेम चेंजर साबित हो सकता है।